क्या शादीशुदा महिला मिस यूनिवर्स बन सकती है? कुछ साल पहले तक इसका सीधा सा जवाब था ‘नहीं’, लेकिन अब तस्वीर बदल चुकी है. प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने 24 नवंबर 2026 को सैन जुआन में हुई 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता जीतकर इतिहास रच दिया है. वो यह ताज जीतने वाली पहली शादीशुदा महिला और पहली मां हैं.

उनकी जीत ने उस नियम बदलाव की ओर फिर ध्यान खींचा है, जिसने करीब सात दशक पुरानी परंपरा को खत्म कर दिया. जानें, क्याक्या नियम बदले.
पहले क्या थे नियम
मिस यूनिवर्स की शुरुआत 1952 में अमेरिका के लॉन्ग बीच में हुई थी. पहली विजेता फिनलैंड की आर्मी कुसेला थीं, जिन्होंने शादी करने के लिए कार्यकाल खत्म होने से कुछ समय पहले ही ताज छोड़ दिया था. इसके बाद दशकों तक नियम यही रहे कि प्रतियोगी अविवाहित हो और ताज मिलने पर पूरे कार्यकाल में अविवाहित रहे.
अगस्त 2022 तक सिर्फ 18 से 28 साल की वे महिलाएं हिस्सा ले सकती थीं जिनकी शादी न हुई हो और जिनके कोई बच्चे न हों. गर्भवती महिलाओं को भी अनुमति नहीं थी.
प्यूर्टो रिको की जेनिफर बनीं मिस यूनिवर्स.
अगस्त 2022 में बदला नियम
अगस्त 2022 में मिस यूनिवर्स संगठन ने राष्ट्रीय निदेशकों को भेजे मेमो में बड़े बदलाव की जानकारी दी. शादीशुदा महिलाओं, मांओं और गर्भवती महिलाओं को पहली बार प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अनुमति मिली. यह नियम 2023 की 72वीं प्रतियोगिता से लागू हुआ. आयोजकों ने कहा कि महिलाओं का अपने जीवन पर अधिकार होना चाहिए और निजी फैसले उनकी सफलता में रुकावट नहीं बनने चाहिए.
2020 की मिस यूनिवर्स, मेक्सिको की एंड्रिया मेजा ने इस बदलाव का स्वागत किया. उनका कहना था कि कई महिलाएं कम उम्र में शादी या बच्चों की वजह से प्रतियोगिता से दूर रह जाती थीं. उन्होंने पुराने नियम को लैंगिक भेदभाव वाला और अव्यावहारिक बताया.
जेनिफर के पति कार्लोस बैरेट और बेटी पेनेलोप.
उम्र की सीमा भी हटी
सितंबर 2023 में एक और बड़ा फैसला आया. संगठन ने ऊपरी उम्र सीमा हटा दी और 18 साल से ऊपर की हर महिला को 2024 की प्रतियोगिता से हिस्सा लेने की अनुमति दी यानी 28 साल की सीमा अब इतिहास बन चुकी है.
आज की स्थिति सीधी है. प्रतिभागी की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए और उसे अपने देश की मिस यूनिवर्स से जुड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता जीतनी होती है. वैवाहिक स्थिति और बच्चे अब पैमाना नहीं हैं. ताज जीतने वाली या उपविजेता प्रतिभागी कार्यकाल के दौरान किसी और सौंदर्य प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकतीं.
Por primera vez en la historia de Miss Universo, una mujer que es madre se corona como la más bella del universo.
#MissUniverse2026 #MissUniverso2026 #PuertoRico
https://t.co/SgJpdaoQmQ
— Greg Calvillo November 25, 2026
बदलाव के बाद मंच पर मांएं
नियम बदलने के बाद मंच पर मांओं की मौजूदगी बढ़ी. कोलंबिया की कैमिला अवेला शादीशुदा और बच्चे वाली प्रतिभागी के रूप में टॉप 5 तक पहुंचीं. 2024 में प्यूर्टो रिको की जेनिफर कोलोन, 36 साल की तीन बच्चों की सिंगल मदर, 28 साल से ऊपर की पहली महिला और पहली मां बनीं जिन्होंने अपने देश का खिताब जीता. वे मिस यूनिवर्स 2024 में टॉप 12 तक पहुंचीं. इसी बदलाव का नतीजा है कि इस बार शादीशुदा मां ताज तक पहुंच सकी.
कौन हैं जेनिफर बैरेटो
27 साल की जेनिफर का जन्म 17 दिसंबर 1998 को प्यूर्टो रिको के मायागुएज़ में हुआ. सैन सेबास्टियन का प्रतिनिधित्व करते हुए वे 25 जून 2026 को मिस यूनिवर्स प्यूर्टो रिको चुनी गईं. मॉडल और सोशल वर्कर जेनिफर की शादी अमेरिकी सेना के सार्जेंट यान कार्लोस बैरेटो काल्डेरोन से हुई है. दोनों की बेटी पेनेलोप 2019 में पैदा हुई.
सैन जुआन के मंच पर उन्होंने 116 प्रतिभागियों को पीछे छोड़कर ताज पहना. वे मेक्सिको की फातिमा बॉश की उत्तराधिकारी बनीं, जिन्होंने 2025 का खिताब जीता था. यह प्यूर्टो रिको का छठा खिताब है. 2006 में जुलेइका रिवेरा की जीत के 20 साल बाद यह जीत आई, वह भी अपनी ही जमीन पर.
जेनिफर.
इस बदलाव के मायने
इस बदलाव ने मिस यूनिवर्स की पुरानी छवि को बदला है. पहले माना जाता था कि विजेता ‘अविवाहित’ होनी चाहिए. एंड्रिया मेजा के मुताबिक महिलाएं परिवार के साथ भी बड़ी जिम्मेदारियां संभाल सकती हैं, ठीक वैसे ही जैसे किसी और पेशे में. उनका तर्क था कि मिस यूनिवर्स का कार्यकाल व्यस्त रखने वाला जरूर होता है, लेकिन इस वजह से पत्नियों और मांओं को बाहर नहीं किया जा सकता.





