सेल्फ केयर में बालों की देखभाल भी एक जरूरी हिस्सा होता है. बालों को शैंपू करती हैं. कंडीशनिंग और सीरम भी लगाती हैं, लेकिन क्या कभी अपनी स्कैल्प की सेहत पर ध्यान देती हैं. अगर सिर की त्वचा हेल्दी रहेगी तो बाल जड़ों से मजबूत बनेंगे. पहले के टाइम में स्कैल्प को नमी देने के लिए ऑयल की चंपी की जाती थी, लेकिन अब बहुत कम लोग ही इसे फॉलो करते हैं. इस वक्त कोरियन हेड स्पा काफी पॉपुलर हो रहा है जो एक बेहतरीन एक्सपीरियंस हो सकता है.

कोरियन हेड स्पा को आपके नॉर्मल हेयर स्पा से काफी अलग और खास मानते हैं. ये सिर्फ बालों को मुलायम बनाने के प्रोसेस पर बेस्ड नहीं है, बल्कि स्कैल्प पर भी काम करता है, जिससे बालों की जड़ें स्वस्थ होती हैं. ये आपके मूड को भी बूस्ट करेगा, क्योंकि इसके सेशन में काफी रिलैक्स महसूस होगा और स्ट्रेस कम होता है.
क्या हैं कोरियन हेड स्पा की खासियत?
स्कैल्प का एनालिसिस
कोरियन हेड स्पा को सबसे पहली चीज खास बनाती है, स्कैल्प की डीप एनालिसिस. इसमें ट्रीटमेंट से पहले माइक्रोस्कोपिंग कैमरे से सिर की स्कैल्प को बारीकी से जांचते हैं. इससे पता चलता है कि त्वचा पर फंगस, रूसी, गंदगी, प्रोडक्ट का बिल्डअप, ऑयल कितना है.
डीप डिटॉक्सिफिकेशन
दूसरा प्रोसेस होता है कि स्कैल्प को सिर्फ शैंपू से साफ करने की बजाय डीप क्लींजिंग की जाती है. इसमें स्कैल्प की स्केलिंग करने के साथ ही एक्सफोलिएट किया जाता है और इसके बाद क्लोरिफाइंग प्रोडक्ट से सफाई करते हैं. इससे न सिर्फ गंदगी साफ हो जाती है, बल्कि पुराना मिनरल जमाव, पॉल्यूशन के जमा कण, ब्यूटी प्रोडक्ट का बिल्डअप और डेड स्किन भी साफ होती है.
मसाज दी जाती है…
इस हेड स्पा में खास स्टेप्स के साथ स्कैल्प की मसाज की जाती है जो काफी रिलैक्स महसूस कराएगी. इसके अलावा वाइब्रेटिंग टूल्स का यूज करके भी सिर की मसाज करते हैं. इसमें मसाजर बॉल रोलर्स का भी इस्तेमाल किया जाता है. इससे ब्लड सर्कुलेशन सुधरता है और बालों के रोम तक पोषण पहुंचाने मदद मिलती है. ये पूरा प्रोसेस काफी रिलैक्सिंग होता है. इसमें कंधे और गर्दन की मसाज भी शामिल होती है, जिससे जकड़न, दर्द से भी काफी हद तक राहत महसूस होती है.
लेटेस्ट टेक्निक का इस्तेमाल
कोरियन हेड स्पा में लेटेस्ट टेक्निक का इस्तेमालकिया जाता है, जैसे एलईडी थेरेपी, माइक्रोमिस्ट स्टीमर जैसी चीजें यूज की जाती हैं. इसके अलावा ज्यादातर नेचुरल हर्बल प्रोडक्ट का यूज करते हैं, जिससे बालों को नुकसान नहीं पहुंचता है.



