India

​Muzaffarpur JDU Leader Gold Chain Thef: मुजफ्फरपुर में मंत्री के स्वागत के दौरान JDU नेता की 7 लाख की चेन चोरी, भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को दिया अंजाम

Muzaffarpur JDU Leader Gold Chain Thef: बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के मुजफ्फरपुर दौरे के दौरान उनके स्वागत समारोह में चोरी की घटना सामने आई है। 

​Muzaffarpur JDU Leader Gold Chain Thef: मुजफ्फरपुर में मंत्री के स्वागत के दौरान JDU नेता की 7 लाख की चेन चोरी, भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को दिया अंजाम

तुर्की थाना क्षेत्र के सकरी चौक पर मंत्री के स्वागत के लिए पहुंचे JDU नेता राजेश मंडल के गले से करीब 7 लाख रुपए कीमत की सोने की चेन चोरी हो गई। घटना के बाद उन्होंने तुर्की थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

स्वागत के दौरान बढ़ी थी भीड़

जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का काफिला जब सकरी चौक पहुंचा तो बड़ी संख्या में JDU कार्यकर्ता और समर्थक उनके स्वागत के लिए मौजूद थे। मंत्री को माला पहनाने और गुलदस्ता देने के लिए कार्यकर्ताओं में आगे पहुंचने की होड़ लग गई। इस दौरान मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई और धक्कामुक्की की स्थिति बन गई।

कुढ़नी प्रखंड के लदौरा निवासी JDU नेता राजेश मंडल भी मंत्री के स्वागत के लिए भीड़ के बीच आगे पहुंचे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने भीड़ का फायदा उठाकर उनके गले से सोने की चेन निकाल ली।

काफिला रवाना होने के बाद चला चोरी का पता

राजेश मंडल को चेन चोरी होने की जानकारी मंत्री का काफिला वहां से रवाना होने के बाद हुई। उन्होंने जब गले पर हाथ लगाया तो चेन गायब मिली। इसके बाद उन्होंने काफी देर तक घटनास्थल के आसपास चेन की तलाश की और वहां मौजूद लोगों से भी पूछताछ की।

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें राजेश मंडल परेशान नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह लोगों से चेन के बारे में जानकारी लेते और आसपास तलाश करते दिखाई दे रहे हैं।

34 ग्राम की बताई गई सोने की चेन

राजेश मंडल के अनुसार, चोरी हुई सोने की चेन का वजन करीब 34 ग्राम था। उन्होंने इसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपए बताई है। मंत्री के स्वागत कार्यक्रम के दौरान हुई इस घटना से वहां मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच भी चर्चा शुरू हो गई।

पुलिस CCTV और वीडियो फुटेज खंगाल रही

घटना की शिकायत मिलने के बाद तुर्की थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों और संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही मौके पर बनाए गए वीडियो और उपलब्ध CCTV फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।

पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज की मदद से भीड़ में मौजूद संदिग्ध की पहचान हो सकती है। फिलहाल चेन चोरी करने वाले आरोपी का सुराग नहीं मिला है और मामले की जांच जारी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply