BusinessIndia

​न मोबाइल फोन, न कारोबार में दिलचस्पी, फिर भी टाटा ग्रुप में चलता इस शख्स का सिक्का!

टाटा ग्रुप में चल रहे अंदरूनी विवाद में अब एक ऐसे शख्स की एंट्री हो गई है, जो हमेशा लाइमलाइट से दूर रहते हैं. टाटा परिवार का एक ऐसा सदस्य, जिसने हमेशा कारोबार और शोहरत से दूरी बनाए रखी. न मोबाइल फोन रखते हैं, न पब्लिक कार्यक्रमों में नजर आते हैं. बस अखबार पढ़कर दुनिया की खबर रखते हैं. लेकिन जब बात टाटा ग्रुप के भविष्य की आई, तो उन्होंने अपनी चुप्पी तोड़ दी.

​न मोबाइल फोन, न कारोबार में दिलचस्पी, फिर भी टाटा ग्रुप में चलता इस शख्स का सिक्का!

हम बात कर रहे हैं रतन टाटा के छोटे भाई जिमी नवल टाटा की. जिमी ने अब टाटा ग्रुप में चल रहे विवाद के बीच नोएल टाटा के काम करने के तरीके पर सवाल उठाए हैं. साथ ही उन्होंने टाटा संस की लिस्टिंग और एन चंद्रशेखरन को चेयरमैन बनाए रखने का सपोर्ट किया है.

कारोबारी दुनिया से दूर रहे जिमी टाटा

जिमी नवल टाटा ने अपनी जिंदगी का ज्यादातर समय टाटा परिवार की कारोबारी दुनिया और सार्वजनिक चर्चाओं से दूर रहकर बिताया है. उन्होंने कभी टाटा ग्रुप में कोई बड़ा पद हासिल करने की इच्छा नहीं जताई. इसके बावजूद आज वह ग्रुप के भविष्य को लेकर चल रहे विवाद के केंद्र में आ गए हैं. दरअसल, जिमी टाटा ट्रस्ट्स की प्रमुख संस्थाओं में शामिल सर रतन टाटा ट्रस्ट के ट्रस्टी हैं. इसके अलावा उनके पास टाटा संस और टाटा ग्रुप की कई कंपनियों के शेयर भी हैं. यही वजह है कि टाटा परिवार के भीतर चल रहे विवाद में उनकी राय को अहम माना जा रहा है.

बिना मोबाइल फोन के जीते हैं जिमी टाटा

जिमी टाटा की निजी जिंदगी हमेशा से चर्चा से दूर रही है. साल 2016 में टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट में उनकी जीवनशैली के बारे में बताया गया था. उस समय वह मुंबई के कोलाबा स्थित हैम्पटन कोर्ट में दो बेडरूम वाले फ्लैट में रहते थे. उनके पास न मोबाइल फोन था और न ही कोई प्राइवेट सेक्रेटरी. दुनिया की खबरों के लिए वह मुख्य रूप से अखबारों पर निर्भर रहते थे. हालांकि, टाटा ग्रुप से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहा. उनके घर में सैकड़ों चिट्ठियों और अखबारों की कटिंग से भरी फाइलें रखी रहती थीं. वह समयसमय पर टाटा ट्रस्ट्स के ट्रस्टियों और टाटा संस के बोर्ड सदस्यों को पत्र लिखकर अपने विचार बताते थे. अब वह कोलाबा से पुणे शिफ्ट हो चुके हैं और वहां भी सादगी भरी जिंदगी जीना पसंद करते हैं. अक्टूबर 2024 में रतन टाटा के निधन के बाद उन्हें कुछ कार्यक्रमों में देखा गया था.

टाटा ग्रुप के कारोबार से कैसे जुड़े थे जिमी?

जिमी टाटा ने अपने करियर की शुरुआत टाटा परिवार के टेक्सटाइल कारोबार से की थी. इस दौरान उन्होंने अपने पिता नवल टाटा के साथ काम किया. हालांकि, बाद में यह कारोबार आर्थिक मुश्किलों में फंस गया. टाटा परिवार ने साल 1874 में नागपुर में सेंट्रल इंडिया स्पिनिंग, वीविंग एंड मैन्युफैक्चरिंग कंपनी की स्थापना के साथ टेक्सटाइल इंडस्ट्री में कदम रखा था. यह मिल बाद में एम्प्रेस मिल्स के नाम से जानी गई. इसके बाद साल 1886 में जमशेदजी टाटा ने मुंबई में एक और मिल खरीदी, जिसका नाम स्वदेशी मिल्स रखा गया.

समय के साथ दोनों मिलों की आर्थिक स्थिति खराब हो गई. एम्प्रेस मिल्स को 1986 में महाराष्ट्र स्टेट टेक्सटाइल कॉरपोरेशन ने अपने नियंत्रण में ले लिया था. घाटे के कारण सितंबर 2002 में इसे बंद कर दिया गया. वहीं, स्वदेशी मिल्स को भी आर्थिक संकट के कारण 2005 में बंद करने का आदेश दिया गया.

इसके बाद जिमी ने टाटा ग्रुप में कोई बड़ी कारोबारी जिम्मेदारी नहीं संभाली. दूसरी तरफ, उनके बड़े भाई रतन टाटा ने समूह की अलगअलग कंपनियों में काम करते हुए अपना करियर बनाया और बाद में टाटा संस के चेयरमैन बने. हालांकि, जिमी की टाटा ग्रुप में हिस्सेदारी बनी रही. उनके पास टाटा संस के अलावा टीसीएस, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, टाटा केमिकल्स, इंडियन होटल्स और टाटा पावर के शेयर भी हैं.

रतन टाटा के साथ कैसा था जिमी का रिश्ता?

जिमी और रतन टाटा, नवल टाटा और उनकी पहली पत्नी सूनी कमिसारिएट के बेटे थे. बचपन में ही उनके मातापिता अलग हो गए थे. इसके बाद दोनों भाइयों की परवरिश मुख्य रूप से उनकी दादी लेडी नवाजबाई टाटा ने की थी. नोएल टाटा, रतन टाटा और जिमी के सौतेले भाई हैं. उनका जन्म नवल टाटा और उनकी दूसरी पत्नी सिमोन टाटा के घर हुआ था. अलगअलग रास्तों पर चलने के बावजूद जिमी और रतन के बीच गहरा रिश्ता था. जनवरी 2023 में रतन टाटा ने इंस्टाग्राम पर दोनों भाइयों की साल 1945 की एक पुरानी तस्वीर शेयर की थी. इसके साथ उन्होंने लिखा था, ‘वे खुशी के दिन थे. हमारे बीच कभी कुछ नहीं आया.’

रतन टाटा की वसीयत में भी जिमी का जिक्र था. अप्रैल 2025 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रतन टाटा ने मुंबई के जुहू स्थित पारिवारिक बंगले में अपने हिस्से के आधे मालिकाना अधिकार जिमी को दिए थे. यह संपत्ति उन्हें अपने पिता से विरासत में मिली थी. इसके अलावा जिमी को रतन टाटा के निजी कलेक्शन से चांदी के सामान और कुछ गहने भी दिए गए थे. संपत्ति के बाकी मालिकाना अधिकार सिमोन टाटा और नोएल टाटा के बीच बांटे गए थे.

7000 से 10,000 करोड़ रुपए तक की हिस्सेदारी

जिमी टाटा का टाटा ग्रुप से सबसे अहम जुड़ाव उनकी शेयरहोल्डिंग और ट्रस्टी की भूमिका है. साल 1989 में पिता नवल टाटा के निधन के बाद उनकी वसीयत के अनुसार जिमी सर रतन टाटा ट्रस्ट के ट्रस्टी बने थे. फिलहाल वह इस ट्रस्ट के तीन स्थायी ट्रस्टियों में शामिल हैं. बाकी दो ट्रस्टियों में नोएल टाटा और जहांगीर एचसी जहांगीर का नाम शामिल है. इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जिमी के पास टाटा संस के 3,262 शेयर हैं. यह कंपनी की कुल हिस्सेदारी का करीब 0.81% है. इस तरह वह नोएल टाटा के बाद टाटा संस के दूसरे सबसे बड़े शेयरधारक हैं. निवेश बैंकरों के अनुमान के आधार पर उनकी इस हिस्सेदारी की कीमत 7,000 करोड़ रुपए से 10,000 करोड़ रुपये के बीच आंकी गई है. टाटा ट्रस्ट्स के पास टाटा संस की कुल करीब 66% हिस्सेदारी है. इनमें सर रतन टाटा ट्रस्ट की हिस्सेदारी 23.56% है. इसलिए ट्रस्ट्स के फैसलों का असर पूरे टाटा ग्रुप पर पड़ता है.

टाटा ट्रस्ट्स विवाद में नोएल टाटा पर उठाए सवाल

टाटा ट्रस्ट्स में चल रहे विवाद के बीच जिमी ने वाइस चेयरमैन विजय सिंह को लिखे पत्र में अपनी नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने कहा कि सर रतन टाटा और सर दोराबजी टाटा ने इन ट्रस्ट्स की स्थापना आम लोगों की भलाई के लिए की थी. ट्रस्टियों का काम इन संपत्तियों की देखभाल करना है, न कि उन्हें अपनी निजी संपत्ति समझना. जिमी का कहना है कि ट्रस्ट्स को गरीबी दूर करने और भारतीय संस्कृति की रक्षा जैसे अपने मूल उद्देश्यों पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने नोएल टाटा के परिवार के कई सदस्यों की ट्रस्ट्स में मौजूदगी पर भी सवाल उठाए हैं. जिमी के मुताबिक, एक ही परिवार के एक से ज्यादा सदस्यों का किसी ट्रस्ट में होना उचित नहीं है. उनका मानना है कि इससे टाटा संस पर भी एक परिवार का प्रभाव बढ़ सकता है.

इसके अलावा उन्होंने 201314 में टाटा संस के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन में किए गए बदलावों पर सवाल उठाए हैं. उनके अनुसार, इन बदलावों के बाद टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन को वीटो पावर और निदेशकों की नियुक्ति से जुड़े अधिकार मिल गए. जिमी का कहना है कि इससे ट्रस्ट्स और कारोबारी कंपनियों के बीच पहले मौजूद संतुलन प्रभावित हुआ. उन्होंने ट्रस्टियों के कार्यकाल को लेकर अलगअलग नियमों पर भी सवाल उठाए हैं. जिमी ने आरोप लगाया कि कुछ ट्रस्टियों पर कार्यकाल की सीमा लागू होती है, जबकि कुछ को इससे छूट मिली हुई है. उन्होंने टाटा संस के बोर्ड सदस्य वेणु श्रीनिवासन का भी जिक्र किया. जिमी का आरोप है कि नोएल टाटा के बेटे को ट्रस्ट में शामिल करने का विरोध करने के कारण श्रीनिवासन को निशाना बनाया जा रहा है. हालांकि, ये जिमी के आरोप हैं और इन्हें किसी नियामक या अदालत ने साबित नहीं किया है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply