
मेरठ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मेरठ में आयोजित भारतीय जनता पार्टी पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन में विपक्ष पर जमकर बरसा। सीएम योगी ने कहा कि आने वाले समय में नकारात्मक ताकतें समाज को फिर से बांटने की कोशिश करेंगी। उन्होंने कहा कि जाति के नाम पर समाज को विभाजित करने के साथ महापुरुषों को भी जातीय आधार पर बांटने का प्रयास किया जाएगा, लेकिन समाज को इस विभाजन से बचाना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महापुरुष पूरे समाज के होते हैं और उन्हें किसी एक जाति के दायरे में सीमित नहीं किया जा सकता। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे। नितिन नवीन के दो दिवसीय पश्चिमी उत्तर प्रदेश दौरे के पहले दिन मेरठ में युवा संवाद और शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन आयोजित किया गया।
‘व्यक्ति से बढ़कर दल और दल से बढ़कर देश’
सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि व्यक्ति से बढ़कर दल और दल से बढ़कर देश है। उन्होंने भाजपा की कार्यशैली का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी में राष्ट्र प्रथम का भाव महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में पहचान का संकट विकास में बाधा बनता है और इससे पलायन जैसी परिस्थितियां भी पैदा होती हैं। उन्होंने 2014 के बाद देश में आए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि आज का भारत अपनी विरासत पर गर्व करता है और विकास की गति के साथ आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या में राम मंदिर को विरासत से जुड़े बदलावों के उदाहरण के रूप में पेश किया।
कांवड़ यात्रा से लेकर कृष्ण जन्माष्टमी तक का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि मथुरावृंदावन के विकास के साथ शुकतीर्थ के पुनरुद्धार की कार्ययोजना पर काम हो रहा है और विदुर कुटी के लिए भी धनराशि आवंटित की गई है। उन्होंने कांवड़ यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि अब इसे रोका नहीं जा सकता और वह स्वयं भी कांवड़ यात्रा में शामिल होते हैं। सीएम योगी ने कहा कि मेरठ की क्रांति धरा के सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भी जिक्र किया।
‘मेरठ में अब कट्टाबंदूक की राजनीति नहीं’
मुख्यमंत्री ने मेरठ में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब यहां कट्टाबंदूक की राजनीति नहीं हो सकती। उन्होंने युवाओं के लिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मेरठ में मेजर ध्यानचंद के नाम पर बन रही स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, दिल्लीमेरठ एक्सप्रेसवे और नमो भारत ट्रेन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और सेमीकंडक्टर यूनिट जैसी परियोजनाओं पर भी काम हो रहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम के 60 प्रतिशत कंपोनेंट और 55 प्रतिशत मोबाइल फोन उत्तर प्रदेश में बन रहे हैं।
रोजगार और अर्थव्यवस्था के आंकड़े भी गिनाए
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने दावा किया कि परंपरागत उद्यमों के पुनर्जीवन से 3 करोड़ 25 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री ने कानूनव्यवस्था में सुधार का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश दंगा और कर्फ्यू से मुक्त हुआ है और इससे निवेश तथा रोजगार के अवसर बढ़े हैं।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान बदल रही है। मुख्यमंत्री ने यूपी को देश की टॉपथ्री अर्थव्यवस्थाओं में गिनाते हुए ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ के तहत मेरठ की रेवड़ी, हापुड़ के पापड़ और मुजफ्फरनगर के गुड़ को भी स्थानीय पहचान से जोड़ने की बात कही।
धन सिंह गुर्जर, महाराणा प्रताप और शिवाजी का किया जिक्र
समाज को जातीय आधार पर बांटने के प्रयासों की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महापुरुष किसी एक जाति के नहीं होते। उन्होंने मेरठ के कोतवाल धन सिंह गुर्जर को स्वतंत्रता आंदोलन का नायक बताते हुए कहा कि वह हर भारतीय के लिए श्रद्धा और सम्मान के पात्र हैं। सीएम योगी ने महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोविंद सिंह जी महाराज को राष्ट्रनायक बताया।
उन्होंने कहा कि इन्हें जातीय दायरे में नहीं बांधा जा सकता। मुख्यमंत्री ने क्रांतिकारी दुर्गा भाभी का भी उल्लेख करते हुए उन्हें सभी के लिए आदर्श बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान वापस दिलाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम की भी भूमिका रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन बदलावों और उपलब्धियों को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया।
यह भी पढे़ं:



