Asia Cup: नशरा संधू के ऐतिहासिक 6 विकेट के दम पर पाकिस्तान ने हांगकांग को 72 रन से हराकर एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली।

Asia Cup, Pakistan into semifinal: भारत के खिलाफ मिली हार के बाद पाकिस्तान ने एशिया कप में जोरदार वापसी की है। हांगकांग के खिलाफ खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने 72 रन से शानदार जीत दर्ज कर एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली। इस जीत की सबसे बड़ी नायिका बाएं हाथ की स्पिनर नशरा संधू रहीं, जिन्होंने गेंद से ऐसा कमाल किया, जो इससे पहले पाकिस्तान की कोई महिला गेंदबाज नहीं कर सकी थी।
नशरा संधू ने हांगकांग के खिलाफ महज 7 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। इसके साथ ही वह महिला T20I क्रिकेट में एक पारी में 6 विकेट लेने वाली पाकिस्तान की पहली गेंदबाज बन गईं। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने हांगकांग की पूरी बल्लेबाजी बिखर गई और 144 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम 19 ओवर में सिर्फ 71 रन पर ऑलआउट हो गई।
Asia Cup: संधू ने झटके 6 विकेट
144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हांगकांग की टीम ने पावरप्ले के बाद 28 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद नशरा संधू ने गेंद संभाली और हांगकांग की बल्लेबाजी को तहसनहस कर दिया। उन्होंने पहले यास्मिन दासवानी और कारी चान के बीच बन रही साझेदारी को तोड़ा और फिर सिर्फ चार गेंदों के भीतर मरीना लैम्पलॉ और मरियम बीबी को भी पवेलियन भेज दिया। इससे हांगकांग का स्कोर 40/5 हो गया और अगले 15 रन के भीतर चार और विकेट गिर गए। आखिरकार पूरी टीम 19 ओवर में 71 रन पर सिमट गई।
Nashra Sandhu: 4076
Pakistan crush Hong Kong to seal their semifinal spot in the Asia Cup 🏏 pic.twitter.com/ydKf5ltfEj
— Cricbuzz September 7, 2026
Asia Cup: पाकिस्तान के लिए रचा ऐतिहासिक रिकॉर्ड
नशरा संधू ने अपने चार ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 6 विकेट झटके, जो पाकिस्तान महिला टीम की किसी गेंदबाज का महिला T20I में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। वह पाकिस्तान की पहली महिला गेंदबाज बन गई हैं, जिन्होंने महिला T20I की एक पारी में 6 विकेट हासिल किए। इस टूर्नामेंट में यह दूसरी बार है, जब किसी गेंदबाज ने 6 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं। इससे पहले श्रीलंका की चमारी अटापट्टू ने इंडोनेशिया के खिलाफ 7 रन देकर 7 विकेट लिए थे। संधू पाकिस्तान की तीसरी गेंदबाज भी बनीं, जिन्होंने महिला T20I में पांच विकेट लिए हैं। उनसे पहले निदा डार और ओमैमा सोहेल यह कारनामा कर चुकी हैं।
Asia Cup: शावाल जुल्फिकार ने संभाली पाकिस्तान की पारी
इससे पहले पाकिस्तान ने बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 143/8 का स्कोर बनाया था। शावाल जुल्फिकार ने 35 गेंदों पर 47 रन की अहम पारी खेली, जबकि आयशा जफर ने 26 रन बनाए। हांगकांग की जॉयलीन कौर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए, लेकिन उनकी टीम पाकिस्तान के बनाए स्कोर के सामने टिक नहीं सकी। लक्ष्य का पीछा करते हुए कारी चान ने 30 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त साथ नहीं मिला और हांगकांग की पूरी टीम 71 रन पर ढेर हो गई।
Asia Cup: 11 सितंबर को श्रीलंका से होगा मुकाबला
हांगकांग को 72 रन से हराने के साथ पाकिस्तान ने एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। भारत के खिलाफ मिली हार के बाद यह पाकिस्तान की शानदार वापसी रही। अब सेमीफाइनल में पाकिस्तान का सामना श्रीलंका से होगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला 11 सितंबर को खेला जाएगा, जहां पाकिस्तान की नजरें जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाने पर होंगी।



