Post Office Schemes: पैसा कमाने के साथसाथ उसे सही जगह लगाना भी बेहद जरूरी है. आज के दौर में हर कोई चाहता है कि उसकी मेहनत की कमाई ऐसी जगह लगे, जहां पैसा पूरी तरह सुरक्षित रहे. साथ ही उस पर अच्छा मुनाफा भी मिले. अगर आपके पास 2 लाख रुपये हैं, तो आप इन्हें 5 साल के लिए पोस्ट ऑफिस की छोटी बचत योजनाओं में लगा सकते हैं. यहां आपके पैसे पर सरकार की पूरी गारंटी होती है. यानी पैसा डूबने का कोई डर नहीं रहता. सरकार ने अक्टूबर से दिसंबर 2026 की तिमाही के लिए इन योजनाओं की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है. ऐसे में एकमुश्त रकम या नियमित कमाई के लिए डाकघर की ये 4 स्कीमें आपके काफी काम आ सकती हैं.

पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट में 77 हजार से ज्यादा का फायदा
अगर आप एक बार में पैसा लगाकर अच्छा मुनाफा कमाना चाहते हैं, तो पोस्ट ऑफिस की 5 साल वाली टाइम डिपॉजिट स्कीम एक अच्छा जरिया है. इस योजना में अभी 7.5 फीसदी के हिसाब से सालाना ब्याज मिल रहा है. इसमें ब्याज का हिसाब हर तीन महीने में लगाया जाता है, लेकिन पैसा साल भर में दिया जाता है. अगर कोई व्यक्ति इस स्कीम में 2 लाख रुपये जमा करता है, तो 5 साल पूरे होने पर उसे कुल 2,77,136 रुपये मिलेंगे. सीधा हिसाब लगाएं तो आपके 2 लाख रुपये पर करीब 77,136 रुपये की सीधी कमाई सिर्फ ब्याज से हो जाएगी.
नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट में होगी सबसे तगड़ी कमाई
पोस्ट ऑफिस की नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट यानी एनएससी उन लोगों के लिए बहुत शानदार है, जो 5 साल बाद एक साथ बड़ा फंड चाहते हैं. इस स्कीम में फिलहाल 7.7 फीसदी का सालाना ब्याज दिया जा रहा है. इसकी सबसे अच्छी बात ये है कि इसमें ब्याज पर भी ब्याज यानी कंपाउंडिंग का फायदा मिलता है. ये पूरा पैसा मैच्योरिटी पर एक साथ हाथ में आता है. इसमें 2 लाख रुपये का निवेश करने पर 5 साल बाद आपको करीब 2,89,807 रुपये मिलेंगे. यानी इसमें आपको लगभग 89,807 रुपये का तगड़ा ब्याज मिलेगा. इसके अलावा, पुरानी टैक्स व्यवस्था चुनने वाले लोगों को इसमें तय सीमा के अंदर टैक्स छूट का भी लाभ मिल सकता है.
हर महीने तय आमदनी के लिए चुनें मंथली इनकम स्कीम
कई लोग ऐसे होते हैं जिन्हें एकमुश्त रकम की जगह हर महीने थोड़ेथोड़े पैसों की जरूरत होती है. ऐसे लोगों के लिए पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम यानी एमआईएस काफी फायदेमंद साबित हो सकती है. इस योजना में सरकार 7.4 फीसदी का सालाना ब्याज दे रही है. अगर आप इसमें 2 लाख रुपये लगाते हैं, तो आपको हर महीने करीब 1,233 रुपये ब्याज के तौर पर मिलते रहेंगे. इस तरह 5 साल में आप कुल 74,000 रुपये सिर्फ ब्याज से कमा लेंगे. 5 साल की अवधि पूरी होने के बाद आपके जमा किए हुए 2 लाख रुपये पूरे वापस मिल जाएंगे.
वरिष्ठ नागरिकों के लिए सबसे ज्यादा ब्याज वाली स्कीम
घर के बुजुर्गों यानी 60 साल या उससे ज्यादा उम्र के लोगों के लिए सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम सबसे बेहतरीन विकल्प है. इन चारों योजनाओं में सबसे ज्यादा 8.2 फीसदी का सालाना ब्याज इसी स्कीम में मिल रहा है. इसमें 2 लाख रुपये निवेश करने पर बुजुर्गों को हर तीन महीने में 4,100 रुपये का ब्याज दिया जाता है. 5 साल के दौरान कुल मिलाकर 82,000 रुपये सिर्फ ब्याज से मिल जाते हैं. मैच्योरिटी पूरी होने पर मूलधन यानी 2 लाख रुपये भी सुरक्षित वापस मिल जाते हैं.
निवेश का कोई भी विकल्प चुनते समय अपनी जरूरत को समझना सबसे जरूरी है. अगर आपको 5 साल बाद एक साथ बड़ी रकम चाहिए, तो आप एनएससी या टाइम डिपॉजिट की तरफ जा सकते हैं. वहीं, नियमित खर्च चलाने के लिए एमआईएस और बुजुर्गों के लिए एससीएसएस सबसे अच्छा रास्ता है. हालांकि, निवेश करने से पहले ब्याज से होने वाली कमाई पर लगने वाले टैक्स नियमों की जानकारी भी जरूर ले लें.



