चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया अपने तीन दिवसीय राज्य दौरे के तहत चंडीगढ़ पहुंचे। यहां भाजपा कोर कमेटी की अहम बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट और कड़ा संदेश दिया कि पार्टी में अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि जो कार्यकर्ता व नेता निष्ठा के साथ पार्टी के साथ बने रहेंगे, संगठन उन्हें पूरा मानसम्मान और उचित स्थान देगा।

2027 विधानसभा चुनाव और टिकट वितरण पर कही अहम बात
डॉ. सतीश पूनिया ने आगामी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी में चुनाव लड़ने के कई दावेदार हो सकते हैं, लेकिन टिकट किसी एक योग्य उम्मीदवार को ही दिया जा सकता है। उन्होंने नेताओं को भरोसा दिलाया कि जो लोग पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहते हैं, संगठन उन्हें विभिन्न स्तरों और मंचों पर पूरा सम्मान देकर एडजस्ट करता है। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को सख्त हिदायत दी कि वे अपनी कोई भी बात या शिकायत केवल पार्टी के आंतरिक मंचों पर ही रखें और सार्वजनिक अनुशासन की सीमा को न लांघें।
जालंधर में दो दिन का डेरा, होगी ‘वन टू वन’ बैठकें
कोर कमेटी की बैठक के बाद डॉ. पूनिया अब अगले दो दिन जालंधर प्रवास पर रहेंगे। जालंधर में वे स्थानीय नेताओं, पदाधिकारियों और जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठकें करेंगे। इस दौरान वे जमीनी हकीकत परखने और संगठन में एकजुटता कायम करने के लिए चुनिंदा वरिष्ठ नेताओं के साथ ‘वन टू वन’ विशेष मुलाकात भी करेंगे।
17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक व्यापक स्तर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने जा रही है। डॉ. पूनिया ने बताया कि पूरे एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में शीर्ष नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर तक के सभी कार्यकर्ता सक्रिय रूप से भाग लेंगे। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पंजाब के आम लोगों के साथ पार्टी का सीधा जनसंपर्क और संवाद स्थापित करना है।



