
सीतापुर, अमृत विचार : यूपी के सीतापुर जिले में इमलिया सुल्तानपुर थाना इलाके के बेहड़ामाफी गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर स्थित तालाब में 15 वर्षीय किशोरी का शव उतराता मिला। शव की पहचान गांव निवासी श्रद्धा के रूप में हुई। सूचना मिलते ही इमलिया सुल्तानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक श्रद्धा पिछले तीन दिनों से घर से लापता थी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका था। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। बुधवार सुबह गांव के बाहर तालाब में शव मिलने की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
मामले में प्रेम प्रसंग की बात भी सामने आ रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी मौत की वजह
हालांकि किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी आशीष तिवारी ने बताया कि किशोरी के लापता होने के संबंध में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज थी। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट जिशान कादिर, सीतापुर


