TrendingUttar Pradesh

​Sitapur News : किवानी नदी पर बनेगा नया सेतु, लहरपुर के सकरन क्षेत्र को मिलेगी बड़ी सौगात

​Sitapur News :  किवानी नदी पर बनेगा नया सेतु, लहरपुर के सकरन क्षेत्र को मिलेगी बड़ी सौगात

सीतापुर, अमृत विचार। लहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड सकरन के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। कमहरियाकाटेसर क्षेत्र में किवानी नदी पर जल्द ही नया सेतु आकार लेगा। शासन की वित्तीय वर्ष 202627 की दीर्घ सेतु कार्ययोजना में इस परियोजना को शामिल कर लिया गया है। खास बात यह है कि प्रस्तावित परियोजनाओं की सूची में इसे क्रम संख्या एक पर जगह दी गई है।

जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. के अनुसार, कुचलिया ग्रामीण मार्ग पर किवानी नदी में प्रस्तावित इस सेतु के निर्माण के साथ पहुंच मार्ग , अतिरिक्त पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्य भी कराए जाएंगे। पुल के निर्माण से सकरन क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

लंबे चक्कर से मिलेगी निजात

फिलहाल क्षेत्र के ग्रामीणों को नदी पार करने या दूसरे इलाकों तक पहुंचने के लिए अपेक्षाकृत लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। नया पुल बनने के बाद यह दूरी और समय दोनों कम होंगे। इससे आसपास के गांवों के लोगों को बाजार, स्कूल, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने में सहूलियत होगी।

प्रशासन के मुताबिक, प्रस्तावित सेतु स्थल से नदी के अपस्ट्रीम में करीब 3.09 किलोमीटर की हवाई दूरी पर मदोर संपर्क मार्ग पर पहले से 90.23 मीटर लंबा सेतु मौजूद है। ऐसे में नया पुल क्षेत्र में आवागमन के नेटवर्क को और मजबूत करेगा।

सड़क संपर्क को मिलेगा नया विस्तार

किवानी नदी पर प्रस्तावित यह सेतु सिर्फ नदी के दो किनारों को जोड़ने वाली कड़ी नहीं होगा, बल्कि सकरन क्षेत्र के ग्रामीण संपर्क मार्गों को भी नई गति देगा। पुल के साथ पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्य पूरे होने के बाद आसपास के गांवों के लोगों के लिए आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है।

ग्रामीण लंबे समय से बेहतर संपर्क की जरूरत महसूस कर रहे थे। अब परियोजना के कार्ययोजना में शामिल होने के बाद उनके बीच पुल के निर्माण को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं।

ये भी पढ़ें :  

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply