
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी में छात्राओं की पढ़ाई को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज , शाहमीना रोड के लिए करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से नया भवन तैयार किया जा रहा है। नए परिसर में स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक कंप्यूटर सिस्टम, साइंस लैब के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
केजीएमयू के सामने संचालित हो रहे मौजूदा विद्यालय के स्थान पर नया भवन प्राग नारायण रोड स्थित शिक्षा भवन के पीछे बनाया जा रहा है। निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और इसे तेजी से पूरा करने की कोशिश की जा रही है। योजना के मुताबिक आगामी नए शैक्षणिक सत्र से छात्राओं की कक्षाएं नए भवन में शिफ्ट करने का प्रयास है।
दो ब्लॉक की बहुमंजिला इमारत में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
नया जीजीआईसी भवन दो ब्लॉक वाली बहुमंजिला इमारत के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें छात्राओं के लिए पढ़ाई से जुड़ी आधुनिक सुविधाओं के साथसाथ डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की व्यवस्था होगी।
भवन में स्मार्ट क्लासरूम, कंप्यूटर सिस्टम और साइंस लैब विकसित की जाएंगी। इसके अलावा खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। छात्राओं की सुविधा को देखते हुए भवन में लिफ्ट की व्यवस्था भी होगी।
केजीएमयू विस्तार के लिए ली गई स्कूल की जमीन
दरअसल, शासन की ओर से केजीएमयू में नए वार्ड और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए स्कूल परिसर की जमीन ली गई है। इसके बाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के लिए शिक्षा भवन के पीछे नई जगह उपलब्ध कराई गई।
अब इसी जमीन पर विद्यालय के नए भवन का निर्माण कराया जा रहा है। नया परिसर तैयार होने के बाद छात्राओं को पहले की तुलना में बेहतर और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण मिलने की उम्मीद है।
1200 से अधिक छात्राएं कर रही हैं पढ़ाई
जीजीआईसी की प्रधानाचार्य मीनाक्षी त्रिपाठी के अनुसार, वर्तमान में विद्यालय में 1200 से अधिक छात्राएं पंजीकृत हैं। नए भवन में छात्राओं को मौजूदा संसाधनों के साथ अतिरिक्त आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
नए भवन के तैयार होने के बाद डिजिटल माध्यम से पढ़ाई को बढ़ावा देने के साथ छात्राओं के लिए विज्ञान, कंप्यूटर, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
अगले सत्र से नए परिसर में कक्षाएं शिफ्ट करने की तैयारी
नए भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र पांडे ने बताया कि नए परिसर में पढ़ाई की आधुनिक सुविधाओं के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों की भी व्यवस्था होगी। अगले शैक्षणिक सत्र से कक्षाएं नए परिसर में शिफ्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।
ः



