
हरदोई, अमृत विचार। जिले में कानूनव्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। एसपी ने लोनार थाने की बावन पुलिस चौकी के प्रभारी एसआई वरुण शुक्ला और पिहानी कोतवाली की जहानीखेड़ा पुलिस चौकी के प्रभारी एसआई कैलाश चंद्र यादव को लाइन हाजिर कर दिया है। दोनों स्थानों पर नए पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है।
इसके साथ ही पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह को बेनीगंज थाने का एसएचओ और इंस्पेक्टर अनिल कुमार को कछौना थाने का एसएचओ बनाया गया है।
बेनीगंज और कछौना में भी बदली जिम्मेदारी
बेनीगंज में पहले तैनात एसएचओ कौशलेश सिंह को निलंबित किया जा चुका है। वहीं, कछौना में तैनात एसएचओ एसआई अमित कुमार को अरवल भेजा गया है। अरवल में तैनात एसएचओ अनिल कुमार का गैर जनपद तबादला हो गया है। इन बदलावों के बाद दोनों थानों में नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
कई चौकी प्रभारियों का भी तबादला
एसपी के आदेश के तहत बेनीगंज कोतवाली की प्रतापनगर चौराहा पुलिस चौकी के प्रभारी एसआई दीपक कुमार को हरियावां भेजा गया है। वहीं, पचदेवरा में तैनात एसआई राकेश चौधरी को प्रतापनगर चौराहा चौकी का नया प्रभारी बनाया गया है।
जहानीखेड़ा चौकी प्रभारी एसआई कैलाश चंद्र यादव के लाइन हाजिर होने के बाद संडीला में तैनात एसआई प्रभु नारायण पाल को जहानीखेड़ा चौकी की जिम्मेदारी दी गई है।
राधानगर और पचदेवरा में भी नई तैनाती
कोतवाली शहर की राधानगर चौकी के प्रभारी एसआई रोहित कुमार पाण्डेय को पचदेवरा भेजा गया है। वहीं, बघौली चौराहा चौकी के प्रभारी एसआई राकेश कुमार को राधानगर चौकी का प्रभारी बनाया गया है।
बावन चौकी प्रभारी एसआई वरुण शुक्ला के लाइन हाजिर होने के बाद कछौना में तैनात एसआई विशाल पुण्डीर को बावन पुलिस चौकी की कमान सौंपी गई है।
रूपापुर और बघौली चौराहा चौकी में भी बदलाव
पाली थाने की रूपापुर पुलिस चौकी के प्रभारी एसआई अतुल गुप्ता को बघौली चौराहा चौकी का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, पिहानी में तैनात एसआई आशीष त्यागी को रूपापुर पुलिस चौकी की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा बिलग्राम कोतवाली में तैनात एसआई अजय तोमर को बेनीगंज कोतवाली भेजा गया है। एसपी के इस फेरबदल के बाद जिले के कई थानों और पुलिस चौकियों में नई तैनाती प्रभावी हो गई है।
ः



