उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए आज ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी गई. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणावा की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में पिछले अंतिम मतदाता सूची के मुकाबले 18 लाख 84 हजार 113 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है. अब प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 हो गई है. ड्राफ्ट मतदाता सूची के मुताबिक, प्रदेश में पुरुष मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 है. वहीं, तीसरे लिंग के 4,042 मतदाता दर्ज हैं.

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता थे. इनमें 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61 पुरुष और 6 करोड़ 9 लाख 9 हजार 525 महिला मतदाता थीं. SSR के बाद जारी ड्राफ्ट सूची में पुरुष मतदाताओं की संख्या में 7 लाख 87 हजार 449 की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, महिला मतदाताओं की संख्या में 10 लाख 96 हजार 828 का इजाफा हुआ है. यानी पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की संख्या में करीब 3 लाख 9 हजार अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
युवा मतदाताओं की संख्या में 5.80 लाख की कमी
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 18 से 19 साल के युवा मतदाताओं की संख्या 11 लाख 83 हजार 352 दर्ज की गई है… जबकि 10 अप्रैल को जारी अंतिम मतदाता सूची में इस आयु वर्ग के 17 लाख 63 हजार 360 मतदाता थे. इस तरह 1819 साल के मतदाताओं की संख्या में 5 लाख 80 हजार 8 की कमी आई है. सीईओ नवदीप रिणावा का कहना है कि ये कमी इसलिए आई है क्योंकि 19 साल के मतदाता अब 20 साल के हो गए इसलिए उनकी गितनी अब युवा मतदाताओं में नहीं की गई… अब SSR के दौरान नए युवा मतदाता जुड़ेंगे तो यह आंकड़ा बढ़ जाएगा.
16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा और आपत्ति
ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. यह प्रक्रिया 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक चलेगी. इस दौरान पात्र नागरिक अपना नाम जुड़वाने, मतदाता सूची में दर्ज विवरण में सुधार कराने या किसी अपात्र नाम को हटाने के लिए आवेदन कर सकेंगे. दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा. इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी.
- फॉर्म6: मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए
- फॉर्म7: मतदाता सूची में शामिल नाम को हटाने या किसी नाम को शामिल किए जाने के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराने के लिए
- फॉर्म8: पता बदलवाने, विवरण में सुधार, EPIC कार्ड बदलवाने और दिव्यांग मतदाता के चिह्नांकन के लिए
- फॉर्म6A: विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण के लिए
चार दिन विशेष अभियान चलाया जाएगा
मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने के लिए प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे. इसके तहत 21 और 22 नवंबर तथा 28 और 29 नवंबर को बूथ लेवल अधिकारी अपनेअपने बूथों पर मौजूद रहेंगे. इन दिनों मतदाता अपनी समस्याओं और दावों को लेकर BLO से संपर्क कर सकेंगे. आवेदन फॉर्म भी उपलब्ध रहेंगे.
ऑनलाइन भी चेक कर सकते हैं अपना नाम
मतदाता ड्राफ्ट सूची में अपना नाम मतदान केंद्र पर, BLO के पास उपलब्ध सूची से या ऑनलाइन माध्यम से देख सकते हैं. इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर जाकर जानकारी हासिल की जा सकती है. इसके अलावा ECINET मोबाइल ऐप के जरिए भी मतदाता अपना नाम चेक कर सकते हैं.
अगर किसी पात्र नागरिक का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं है तो वह फॉर्म6 भरकर पासपोर्ट साइज फोटो और जन्मतिथि तथा सामान्य निवास के प्रमाण से जुड़े दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकता है. निर्वाचन आयोग ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम जरूर जांच लें, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम अंतिम सूची से छूटने न पाए.



