
सुलतानपुर, अमृत विचार। यूपी के सुलतानपुर के जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र में जंगली सुअर का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को कल्याणपुर गांव में पशुओं के लिए चरी काटने गए उदय राज पाल पर जंगली सूअर ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल उदय राज को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
24 घंटे में चार पर हमला, एक की गई जान
ग्रामीणों के मुताबिक शुक्रवार शाम उदयपुर निवासी रविंद्र यादव पर भी जंगली सुअर ने हमला कर दिया था। युवक के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह उसे बचाया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। शनिवार को ही परसौहा निवासी 13 वर्षीय प्रिंस गुप्ता और कल्याणपुर निवासी 21 वर्षीय विवेक पाल पर भी जंगली सूअर के हमले में घायल होने की सूचना है। लगातार हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग खेतों व सुनसान स्थानों की ओर जाने से बच रहे हैं।
वन विभाग का रेस्क्यू अभियान, पुलिस तैनात
जयसिंहपुर कोतवाल विवेक कुमार राय ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम जंगली सुअर को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान चला रही है।
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल भी गांव में मौजूद है।ग्रामीणों को सुनसान स्थानों पर जाने से रोका जा रहा है और सतर्क रहने की अपील की गई है। लगातार हमलों के कारण ग्रामीणों में इस बात को लेकर चिंता है कि खेतों और रास्तों पर निकलना भी जोखिम भरा हो गया है।



