पहाड़ों के बीच से उगता हुआ नारंगी सूर्य देखने का एक्सपीरियंस इतना सुखद होता है कि उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है. सोचिए अगर आप ये नजारा वहां देखें जहां पर देश में सबसे पहले सूर्योदय होता है. शायद ही कोई इसे देखना मिस करना चाहे. अगर आपको अलगअलग जगहें एक्सप्लोर करना अच्छा लगता है तो इस जगह को अपनी बकेट लिस्ट में जरूर शामिल करना चाहिए. ये जगह अरुणाचल प्रदेश में है जिसे डोंग वैली या डोंग विलेज के नाम से जाना जाता है.

भारत में सबसे पहले होने वाले सूर्योदय के नजारे को देखने का सपना है तो जान लें कि आप कैसे डॉंग वैली पहुंच सकते हैं. अगर आप इस भागदौड़ भरी बाहरी दुनिया सी कटकर प्रकृति के करीब शांति से समय गुजारना चाहते हैं तो भी डोंग घाटी बेस्ट जगहों में से एक है.
डोंग वैली के बारे में जानें
अरुणाचल प्रदेश में स्थित डोंग घाटी को 1999 में आधिकारिक रूप से उस जगह के रूप में खोजा गया, जहां भारत में सबसे पहले सूर्योदय होता है. ये अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले जिले में स्थित सबसे पूर्वी गांव है और उस जगह के करीब है जहां भारत, चीन और म्यांमार की सीमाएं मिलती हैं.
यहां आने का बेस्ट टाइम क्या है?
डोंग वैली में अगर आपको सन राइज देखना है तो अक्टूबर से लेकर फरवरी के बीच का समय चुन सकते हैं. दरअसल इस समय ठंडी हवाएं और बर्फ की चोटियों के बीच से उगते हुए सूरज का नजारा देखने लायक होता है. फोटोग्राफी वालों के लिए ये बेस्ट टाइम है. मार्च से अप्रैल वसंत का मौसम होता है तो ये टाइम उन लोगों के लिए बेस्ट हो जो चाहते हैं कि ज्यादा सर्दी न लगे. इस दौरान ट्रैकिंग थोड़ी आसान होती है और चारों तरफ आपको फूल भी खिले हुए मिल सकते हैं.
क्याक्या कर सकते हैं एक्सप्लोर?
डोंग वैली के लिए वालोंग सबसे करीब जगह है और यही आपको बेस पॉइंट यानी ठहराव स्थल होगा. आप यहां आसपास कई और जगहों को भी एक्सप्लोर कर सकते हैं. जैसे वालोंग वॉर मेमोरियल , जिसे 1962 के भारतचीन के युद्ध के दौरान शहीद हुए वीरों की याद में बनाया गया है. इसके अलावा हेलमेट टॉप पर जा सकते हैं. तिलालाम हॉट वाटर स्प्रिंग को विजिट करें. ये प्राकृतिक गर्म पानी का झरना है. ट्रैकिंग करने के बाद थकान दूर करने के लिए यहां स्नान भी किया जा सकता है. आप यहां बहती नदी, हर तरफ ऊंचे चीड़ के पेड़, घने जंगल और बर्फ से ढके पहाड़ शानदार नजारे के लिए लोहित नदी किनारा पर जा सकते हैं.
कैसे पहुंचें यहां?
फ्लाइट से जा रहे हैं तो आपको डिब्रूगढ़ एयरपोर्ट पर उतरना चाहिए. हालांकि यहां के लिए बहुत सीमित उड़ाने मिलती हैं. रेल मार्ग से जाएंगे तो
न्यू तिनसुकिया जंक्शन उतरना होगा और यहां से आप वालोंग से प्राइवेट या शेयरिंग टैक्सी ले सकते हैं. ये भी ध्यान रखें कि आपको इनर लाइन परमिट की आवश्यकता होती है. यहां पर आपको सरकारी गेस्ट हाउस या फिर बेसिक होम स्टे मिल जाते हैं.
वालोंग से डोंग वैली
यहां आने के बाद भी अगर आप सन राइज को मिस कर दें तो जाहिर तौर पर बहुत दुख होगा, इसलिए जरूरी है कि आप टाइम मैनेजमेंट का ध्यान रखें. रात को 1 से 2 के बीच आपको वालोंग से निकल जाना होगा. गाड़ी से तकरीबन 6 से 7 किलोमीटर का सफर तय करें. इसके बाद सती नदी के संगम पर एक लटकता हुआ ब्रिज है, जहां से आपको पैदल ट्रैक करना होगा. तकरीबन 90 मिनट की चढ़ाई है जिसके लिए बढ़िया ट्रैकिंग शूज होने चाहिए. आप लोकल गाइड को साथ ले सकते हैं, क्योंकि घने जंगल और पहाड़ों का रास्ता होता है और खड़ी चढ़ाई करनी होती है. इससे आप सही समय पर व्यू पॉइंट पर पहुंच जाएंगे.



