Gopalganj News: बिहार में छात्रछात्राओं की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं. ताजा सनसनीखेज मामला गोपालगंज जिले से सामने आया है, जहां 20 वर्षीय NEET छात्रा उजाला कुमारी का शव उसके किराये के कमरे में फांसी के फंदे से लटकता मिला. यह घटना शहर के श्याम सिनेमा रोड स्थित एक मकान में रविवार देर शाम हुई. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था. इस रहस्यमयी स्थिति को देखते हुए परिजनों ने छात्रा की हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है.

मृतका की पहचान सिधवलिया थाना क्षेत्र के सरेया पहाड़ गांव निवासी रघुनाथ शर्मा की 20 वर्षीय पुत्री उजाला कुमारी के रूप में हुई है. उजाला अपने तीन भाइयों की इकलौती बहन थी. उसके पिता लेथ मशीन चलाकर किसी तरह परिवार का भरणपोषण करते हैं. उन्होंने अपनी बेटी को डॉक्टर बनाने का सपना देखा था. इसी उम्मीद में उजाला पिछले करीब एक साल से गोपालगंज शहर में किराये का कमरा लेकर रह रही थी. वह स्नातक की पढ़ाई के साथसाथ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए NEET परीक्षा की तैयारी कर रही थी. बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है.
बाहर से बंद था दरवाजा: यही बना सबसे बड़ा सवाल
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों के सामने सबसे अहम और संदिग्ध बात यह आई कि कमरे की कुंडी बाहर से लगी हुई थी. हालांकि, कमरे के भीतर का सामान बिखरा हुआ नहीं था और छात्रा का मोबाइल फोन भी वहीं से बरामद हुआ. कमरे का दरवाजा बाहर से बंद होने के कारण यह मामला आत्महत्या और हत्या के बीच की पहेली बन गया है. परिजनों ने इसे पूरी तरह से हत्या का मामला करार देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, खंगाला जा रहा मोबाइल
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को मौके पर बुलाया. FSL टीम ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य और फिंगरप्रिंट्स एकत्र किए हैं. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. इसके साथ ही छात्रा का मोबाइल फोन जब्त कर उसकी कॉल डिटेल्स और चैट हिस्ट्री खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से ठीक पहले वह किसके संपर्क में थी.
पुलिस का बयान: पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. पुलिस हर संभावित पहलू, चाहे वह हत्या हो या आत्महत्या, इसकी की गहराई से जांच कर रही है. आसपास के लोगों और मकान मालिक से पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल की फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह और घटना की सच्चाई सामने आ सकेगी.



