उत्तर प्रदेश के झांसी में बकरी चोरी की एक ऐसी वारदात का खुलासा हुआ है, जिसने चोरी के पारंपरिक तरीकों से अलग पुलिस और लोगों का ध्यान खींचा है। यहां बकरी चोर पैदल नहीं, बल्कि होंडा सिटी कार से पहुंचकर बकरियां चोरी करते थे। सीपरी बाजार थाना पुलिस ने इस गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से होंडा सिटी कार, 5,260 रुपये नकद और लोहे का टायर लीवर बरामद किया है।

मामला झांसी जनपद के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के लहरगिर्द का है। यहां रहने वाले विवेक यादव ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 21 नवंबर को उनके बाड़े से 4 बकरियां और 2 बकरे चोरी हो गए। शिकायत मिलने के बाद सीपरी बाजार थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और चोरी में शामिल गिरोह का पता लगाया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मकसद नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 5,260 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा सिटी कार और लोहे का टायर लीवर बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने दो साथियों सलमान और आलिम के साथ मिलकर आसपास के इलाकों में बकरियां चोरी करता था।
आरोपी के मुताबिक, तीनों ने चोरी की गई 6 बकरियों को मंडी में 20 हजार रुपये में बेच दिया था। इसके बाद बिक्री से मिली रकम आपस में बांट ली गई। आरोपियों ने इस रकम का कुछ हिस्सा शराब और दावत में खर्च कर दिया।
पुलिस के अनुसार, इस वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। फिलहाल एक आरोपी की गिरफ्तारी और कार समेत नकदी की बरामदगी के बाद बकरी चोरी के इस गिरोह की गतिविधियों को लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।



