भारत के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक HDFC Bank के नए मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO अनूप बागची को सालाना 35.90 करोड़ रुपये तक का पैकेज मिल सकता है. अगर यह प्रस्ताव मंजूर होता है, तो बागची भारत के सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाले बैंक CEO बन सकते हैं.

ET की रिपोर्ट के मुताबिक, बैंक ने बागची के लिए 7.35 करोड़ रुपये का एक बार का जॉइनिंग बोनस भी मंजूर किया है. इसमें स्टॉक से जुड़े इंसेंटिव शामिल हैं. इस तरह उनका कुल पैकेज 43.24 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है. हालांकि, यह रकम उनके प्रदर्शन और शेयरों के मिलने की शर्तों पर निर्भर करेगी. बागची की नियुक्ति और सैलरी को लेकर HDFC Bank ने शेयरधारकों से मंजूरी मांगी है. भारतीय रिजर्व बैंक पहले ही उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे चुका है. अब शेयरधारकों के लिए पोस्टल बैलेट के जरिए वोटिंग कराई जा रही है. ईवोटिंग 8 अक्टूबर से 6 नवंबर तक चलेगी.
35.90 करोड़ रुपये का सालाना पैकेज
बैंक के प्रस्ताव के मुताबिक, बागची के सालाना पैकेज में 8.97 करोड़ रुपये की फिक्स्ड सैलरी और प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम 26.92 करोड़ रुपये की वैरिएबल सैलरी शामिल है. वैरिएबल सैलरी उनकी फिक्स्ड सैलरी की करीब तीन गुना है. फिक्स्ड सैलरी में 3.32 करोड़ रुपये की बेसिक सैलरी, 1.66 करोड़ रुपये के हाउसिंग बेनिफिट, 54 लाख रुपये का कार अलाउंस और अन्य भत्ते व रिटायरमेंट बेनिफिट शामिल हैं.
वैरिएबल पे में 8.88 करोड़ रुपये कैश के रूप में मिलेंगे, जबकि 18.04 करोड़ रुपये ESOPs यानी कर्मचारी शेयर विकल्पों के रूप में दिए जाएंगे. इन ESOPs की वैल्यू 253.42 रुपये प्रति विकल्प मानी गई है. शेयर विकल्प चार साल में धीरेधीरे मिलेंगे, जबकि कैश इंसेंटिव का आधा हिस्सा तीन साल के लिए रोका जाएगा.
7.35 करोड़ रुपये का जॉइनिंग बोनस
बागची को एक बार का 7.35 करोड़ रुपये का जॉइनिंग बोनस भी मिलेगा. इसमें 3.19 करोड़ रुपये के Restricted Stock Units और 4.16 करोड़ रुपये के ESOPs शामिल हैं. इन दोनों का लाभ भी चार साल में धीरेधीरे मिलेगा.
पिछली नौकरी से करीब 90% ज्यादा पैकेज
बागची का प्रपोज्ड सालाना पैकेज उनकी पिछली कंपनी ICICI Prudential Life Insurance में वित्त वर्ष 202526 के पैकेज से करीब दोगुना है. स्टॉक विकल्पों को शामिल करने पर उनका अनुमानित पैकेज करीब 18.9 करोड़ रुपये से बढ़कर 35.9 करोड़ रुपये हो सकता है. यानी इसमें करीब 90% की बढ़ोतरी होगी.
टॉप बैंकर्स का पैकेज
तुलना करें तो HDFC Bank के मौजूदा CEO शशिधर जगदीशन को वित्त वर्ष 202526 में कुल 28.65 करोड़ रुपये मिले थे. इसमें 14.71 करोड़ रुपये की ग्रॉस सैलरी और 13.53 करोड़ रुपये के स्टॉक ऑप्शन बेनिफिट शामिल थे. HDFC Bank के डिप्टी MD कैजाद भरूचा को इसी अवधि में 26.32 करोड़ रुपये मिले. वहीं Kotak Mahindra Bank के CEO अशोक वासवानी को 17.24 करोड़ रुपये और ICICI Bank के CEO संदीप बख्शी को करीब 10.64 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ.
27 अक्टूबर से संभालेंगे जिम्मेदारी
56 साल के अनूप बागची 27 अक्टूबर से HDFC Bank के CEO का पद संभालेंगे. उनका कार्यकाल तीन साल का होगा. वह शशिधर जगदीशन की जगह लेंगे. बागची के सामने रिटेल लोन की ग्रोथ बढ़ाने, बैंक का मार्जिन बेहतर करने और निवेशकों का भरोसा मजबूत करने जैसी बड़ी चुनौतियां होंगी.



