सिंगापुर की क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी मेगास्पीड ने कहा है कि एलिस हुआंग ने अगस्त 2025 में कंपनी छोड़ दी थी. कंपनी ने अपने कारोबार, सप्लाई चेन और ग्लोबल ऑपरेशन से जुड़ी खबरों की आंतरिक जांच भी शुरू की है. मेगास्पीड ने रविवार को जारी बयान में कहा कि उसके कारोबार, सप्लाई चेन और ग्लोबल ऑपरेशन को लेकर हाल में समाचार माध्यमों में प्रकाशित खबरों में किए गए दावों के समर्थन में कोई सत्यापन योग्य साक्ष्य नहीं हैं.

2025 में छोड़ दी थी कंपनी
कंपनी ने कहा कि वह वैध तरीके से कारोबार करती है और मामले की व्यापक जांच के लिए उसने बाहरी कानूनी सलाहकार नियुक्त किए हैं. उसने कहा कि ग्लोबल ऑपरेशन और सप्लाई चेन से जुड़े उसके कंट्रोल सिस्टम इस तरह तैयार किए गए हैं कि सभी लागू कानूनों और रेगुलेटरी नियमों का पालन हो.
इनमें अमेरिका के निर्यात नियंत्रण संबंधी नियम और उन सभी देशों के स्थानीय कानून शामिल हैं, जहां कंपनी कारोबार करती है. कंपनी ने बयान में कहा कि एलिस हुआंग ने 30 अगस्त, 2025 को मेगास्पीड छोड़ दी थी और फिलहाल कंपनी में उनकी कोई भूमिका नहीं है. कंपनी ने हुआंग के निजी मामलों पर टिप्पणी करने से इनकार किया.
यह घटनाक्रम ऐसी खबरों के बीच सामने आया है, जिनमें इस बात की जांच किए जाने की जानकारी दी गई है कि क्या निर्यात संबंधी घोषणाओं का उल्लंघन कर प्रतिबंधित एनवीडिया चिप से लैस उन्नत एआई सर्वर दक्षिणपूर्व एशिया के रास्ते चीन भेजे गए थे. आरोप है कि मेगास्पीड ने अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों के बावजूद चीनी कंपनियों को एनवीडिया की उन्नत चिप उपलब्ध कराने में मदद की. कंपनी ने इन आरोपों से इनकार किया है.
जासूसी के आरोपों को खारिज किया
अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को कथित तौर पर एलिस हुआंग के चीन की खुफिया एजेंसी से जुड़े होने का संदेह होने संबंधी खबरें सामने आने के बाद यह मामला और गंभीर हो गया. हालांकि, सिंगापुर ने स्पष्ट किया कि हुआंग के खिलाफ जासूसी के मामले में जांच नहीं की गई थी. चीन ने भी जासूसी के आरोपों को खारिज किया है. मामले ने तब नया मोड़ लिया, जब खबरों में एलिस हुआंग का संबंध एनवीडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी जेनसेन हुआंग से जोड़ा गया. विवाद के बीच जेनसेन हुआंग के एक अन्य अधिकारी के साथ विवाहेतर संबंधों की खबरें भी सामने आईं. साथ ही, निदेशक मंडल में उनके भविष्य को लेकर चर्चा हुई. इन घटनाक्रमों के बाद जेनसेन हुआंग ने 12 नवंबर को सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया.



