BusinessIndia

​FD से कहीं ज्यादा मुनाफा देंगी ये 4 सरकारी योजनाएं, पैसा रहेगा 100 फीसदी सुरक्षित

Safe Investment Tips: अक्सर लोग अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखने के लिए सीधे बैंक की फिक्स्ड डिपॉजिट में पैसा लगा देते हैं. लेकिन आज के समय में सामान्य बैंक एफडी से मिलने वाला रिटर्न काफी सीमित हो गया है. देश के सबसे बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की बात करें, तो यहां 1 से 5 साल की नॉर्मल एफडी पर आम लोगों को सालाना सिर्फ 6.05% से 6.40% तक का ही ब्याज मिल रहा है .

​FD से कहीं ज्यादा मुनाफा देंगी ये 4 सरकारी योजनाएं, पैसा रहेगा 100 फीसदी सुरक्षित

अगर कोई निवेशक थोड़ी समझदारी दिखाए, तो बिना किसी क्रेडिट रिस्क के सरकारी या बैंकिंग स्कीम के जरिए ही 8.20% तक का शानदार सालाना मुनाफा कमा सकता है. ये योजनाएं सौ फीसदी सुरक्षित हैं. इनमें आपका एक रुपया भी डूबने का खतरा नहीं रहता है. एसबीआई की खास स्कीम से लेकर पोस्ट ऑफिस या आरबीआई के विकल्पों तक, ऐसी 4 बेहतरीन योजनाएं मौजूद हैं जो आपकी जमापूंजी को सामान्य एफडी के मुकाबले कहीं ज्यादा तेजी से बढ़ा सकती हैं.

अचानक पैसों की जरूरत के लिए एसबीआई एमओडी स्कीम

अमूमन जब किसी को अचानक पैसों की जरूरत पड़ती है, तो उसे अपनी पूरी एफडी तुड़वानी पड़ती है. समय से पहले एफडी तोड़ने पर बैंक पेनाल्टी भी वसूलता है. इस नुकसान से बचने के लिए एसबीआई की मल्टी ऑप्शन डिपॉजिट स्कीम एक कमाल का विकल्प है. ये एक ऐसा टर्म डिपॉजिट है जो सीधे आपके एसबीआई सेविंग्स अकाउंट से जुड़ा होता है. इसमें एक तय सीमा से ऊपर का अतिरिक्त पैसा ऑटोस्वीप के जरिए अपने आप एफडी में बदल जाता है.

इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी हाई लिक्विडिटी है. जब भी आपको पैसों की जरूरत हो, आप एटीएम या यूपीआई के जरिए सीधे पैसे निकाल सकते हैं. ऐसा करने पर आपकी पूरी एफडी नहीं टूटती, बल्कि जरूरत के हिसाब से सिर्फ छोटे टुकड़े ही बाहर आते हैं. खाते में बचे बाकी पैसे पर आपको रेगुलर एफडी की तरह 6.05% से 6.45% तक का पूरा ब्याज मिलता रहता है. इमरजेंसी फंड रखने वालों के लिए ये सबसे सही जरिया है.

कम समय में ज्यादा मुनाफे के लिए अमृत वृष्टि योजना

अगर आप डेढ़ साल के आसपास के लिए अपना पैसा किसी सुरक्षित जगह पार्क करना चाहते हैं, तो एसबीआई की ‘अमृत वृष्टि’ स्कीम सामान्य एफडी से ज्यादा फायदा दे सकती है. ये एसबीआई की 444 दिनों की एक स्पेशल फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम है. 1 से 2 साल की सामान्य एफडी की तुलना में बैंक इसमें ग्राहकों को ज्यादा ब्याज दे रहा है. इस स्कीम के तहत आम नागरिकों को 6.45% सालाना का फिक्स्ड ब्याज मिलता है. वहीं वरिष्ठ नागरिकों के लिए ये दर 6.95% सालाना है. इसके अलावा 80 साल से ज्यादा उम्र के अतिवरिष्ठ नागरिकों को इसमें 7.05% सालाना का शानदार रिटर्न दिया जा रहा है. इसमें लिक्विडिटी के लिए स्टैंडर्ड एफडी के नियम ही लागू होते हैं.

आरबीआई बॉन्ड में बिना सीमा के निवेश पर 8.05% रिटर्न

लंबे समय के लिए जोखिममुक्त फिक्स्ड कैशफ्लो चाहने वालों के लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के फ्लोटिंग रेट सेविंग्स बॉन्ड्स एक तगड़ा विकल्प हैं. ये भारत सरकार की ओर से जारी किए जाने वाले सॉवरेन बॉन्ड्स हैं, जिन पर 100 फीसदी सरकारी गारंटी मिलती है. यानी डिफ़ॉल्ट का जोखिम बिल्कुल शून्य रहता है.

इस स्कीम का ब्याज नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट से जुड़ा होता है, जिसमें NSC की दर से 0.35% अतिरिक्त ब्याज मिलता है. इसकी ब्याज दरें हर 6 महीने में रिवाइज की जाती हैं. फिलहाल इस बॉन्ड पर 8.05% सालाना का बंपर ब्याज मिल रहा है. ये एसबीआई की 5 साल वाली एफडी के मुकाबले पूरे दो फीसदी ज्यादा है. इस बॉन्ड में 7 साल का लॉकइन पीरियड होता है, हालांकि वरिष्ठ नागरिकों को इसमें कुछ छूट दी गई है. सबसे अच्छी बात ये है कि इसमें निवेश करने की कोई अधिकतम सीमा तय नहीं है.

पोस्ट ऑफिस की योजनाओं में टैक्स छूट के साथ 8.20% तक ब्याज

सुरक्षित निवेश के साथ सबसे ज्यादा गारंटीड रिटर्न पाने के लिए इंडिया पोस्ट की स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स हमेशा से भरोसेमंद रही हैं. जहां एसबीआई की 5 साल की एफडी पर सिर्फ 6.05% ब्याज मिलता है, वहीं पोस्ट ऑफिस के 5 साल वाले टाइम डिपॉजिट पर 7.50% सालाना का तगड़ा ब्याज मिल रहा है. इसके साथ ही इसमें इनकम टैक्स की धारा 80C के तहत टैक्स छूट का भी पूरा फायदा मिलता है. इसमें 6 महीने के बाद कुछ शर्तों के साथ पैसे निकालने की सुविधा भी रहती है.

वहीं, घर के बुजुर्गों के लिए पोस्ट ऑफिस की सीनियर सिटीजन सेविंग्स स्कीम देश की सबसे बेहतरीन जोखिममुक्त योजना मानी जाती है. इस सरकारी स्कीम में वरिष्ठ नागरिकों को 8.20% सालाना का गारंटीड ब्याज मिल रहा है, जो किसी भी बड़े बैंक की सामान्य एफडी से कहीं ज्यादा है.

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए. TV9 भारतवर्ष अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply