
बाराबंकीः उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में बारिश के पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में डूबने से तीन लड़कों की मौत हो गई। हादसा कुर्सी क्षेत्र के बैना गांव में हुआ।
पुलिस के मुताबिक, बैना गांव में एक निर्माणाधीन मुर्गी फार्म परिसर में मिट्टी निकालने के लिए गहरा गड्ढा खोदा गया था। पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण यह गड्ढा पानी से भर गया था।
नहाने के दौरान गहराई में चले गए तीनों बच्चे
पुलिस ने बताया कि रविवार देर शाम गांव के ही निवासी देवा , सुमित और दिव्यांश गड्ढे में नहाने लगे तभी गहराई में जाने से वे डूब गए। पुलिस ने बताया कि बच्चों की चीखपुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने देवा और सुमित को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
गोताखोरों की मदद से देर रात मिला तीसरे बच्चे का शव
पुलिस ने बताया कि दिव्यांश का पता नहीं चलने पर पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद ली। देर रात उसका शव भी गड्ढे से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर फतेहपुर के उप जिलाधिकारी कार्तिकेय सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी जगतराम कन्नौजिया ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उसने बताया कि पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

