Barabanki Road Accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में रविवार को फतेहपुरदेवा मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप और ईऑटो की आमनेसामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक महिला ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. दुर्घटना में पांच अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

जानकारी के मुताबिक, सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा क्षेत्र के कुछ लोग रोजगार की तलाश में मुंबई जाने के लिए घर से निकले थे. उन्हें बाराबंकी से ट्रेन पकड़नी थी. सभी फतेहपुर से ईऑटो में सवार होकर बाराबंकी आ रहे थे. इसी दौरान देवा थाना क्षेत्र के सलारपुर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने ईऑटो में जोरदार टक्कर मार दी. भिड़ंत इतनी भीषण थी कि ईऑटो में सवार आठ लोग घायल हो गए.
हादसे में तीन लोगों की गई जान
हादसे में राजकुमार उर्फ उस्मान पुत्र सुरजीत चौहान और रामविलास पुत्र बुद्धू निषाद, दोनों निवासी मालनपुरवा, थाना रामपुर मथुरा, सीतापुर की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल सोनी पत्नी जितेंद्र निवासी जगायपुर, थाना बड्डूपुर, बाराबंकी ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
इस दुर्घटना में जितेंद्र , प्रवेश, रणधीर यादव , रिंकू यादव और ईऑटो चालक मैनुद्दीन घायल हुए हैं. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जिला अस्पताल के डॉक्टर के मुताबिक, हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है और अन्य घायलों का इलाज जारी है.
पिकअप चालक हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही देवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया. प्रभारी निरीक्षक आलोकमणि त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और पिकअप चालक को हिरासत में लिया गया है. मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं. हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है.
रोजगार की उम्मीद लेकर मुंबई जा रहे परिवार के लिए यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया. तीन लोगों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.



