CrimeIndia

​राजस्थान के कारोबारी से गे​​​​​ ऐप पर दोस्ती, फिर अगवा कर डेढ़ लाख की लूट; नोएडा के बदमाशों ने जैसलमेर में किया कांड

राजस्थान के जैसलमेर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक कारोबारी को गे ऐप पर दोस्ती बहुत भारी पड़ गई. नोएडा से जैसलमेर पहुंचे 7 बदमाशों ने इस कारोबारी को अकेले में मिलने के बहाने बुलाया और अगवा कर लिया. फिर मारपीट कर उससे डेढ़ लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कराए और सूनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गए. हालांकि सूचना मिलते ही एक्शन में आई जैसलमेर पुलिस ने सभी आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है. इनमें एक महिला और एक नाबालिग भी शामिल है.

​राजस्थान के कारोबारी से गे​​​​​ ऐप पर दोस्ती, फिर अगवा कर डेढ़ लाख की लूट; नोएडा के बदमाशों ने जैसलमेर में किया कांड

आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी जैसलमेर ने प्रेस कांफ्रेंस में वारदात का खुलासा किया है. पुलिस ने सभी बदमाशों के खिलाफ कारोबारी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अदालत में पेश किया, जहां से इन्हें जेल भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. साथ ही इनके पूरे नेटवर्क को भी खंगालने का प्रयास किया जा रहा है.

अजीब शौक की वजह से फंसा कारोबारी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कारोबारी ने अजीब शौक पाल रखी थी. उसने एक गे ऐप पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी. इस ऐप पर नोएडा के रहने वाले बदमाश भी थे. पुलिस सूत्रों के मुताबिक दो दिन पहले ये बदमाश जैसलमेर पहुंचे और ऐप पर ही मैसेज डाला कि यदि कोई ग्रुप में जैसलमेर से हो तो मिल सकता है. यह मैसेज देखकर कारोबारी अपने शौक पूरा करने के लिए पहुंच गया. वहां गाड़ी में एक बदमाश था, बातचीत हुई और फिर दोनों गाड़ी में बैठ गए.

फिर बदमाशों ने किया अगवा

गाड़ी करीब 100 कदम चली ही थी कि उस बदमाश के बाकी छह साथी भी आकर गाड़ी में बैठ गए और कारोबारी को अगवा कर मारपीट शुरू कर दी. बदमाशों ने कारोबारी के बैंक खाते से जबरन डेढ़ लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कराए और मोबाइल का सिमकार्ड तोड़ कर फेंक दिया. फिर उसे एक सूनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गए.

ऐसे पकड़े गए बदमाश

बदमाशों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए गाड़ी के नंबर प्लेट को ढंक दिया था. गनीमत रही कि कारोबारी ने पहले गाड़ी के नंबर पढ़ लिए थे. ऐसे में आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद उसने गाड़ी का नंबर पुलिस को बता दिया. इसके बाद पुलिस ने इस गाड़ी की घेराबंदी की. इस दौरान बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी में टक्कर मारकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने सभी बदमाशों को महज कुछ घंटे के अंदर दबोच लिया.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply