मुंबई पंजाबी गायक और अभिनेता परमीश वर्मा ने पत्नी गीत ग्रेवाल से तलाक की चल रही अटकलों पर आखिरकार चुप्पी तोड़ दी है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में परमीश ने तलाक की पुष्टि करते हुए कहा कि असफल रिश्ते के लिए पुरुष को आसानी से जिम्मेदार ठहरा दिया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि अपनी पूर्व पत्नी और वर्तमान जिंदगी में मौजूद महिला, दोनों का सम्मान करना ही वास्तविक मर्दानगी है।

परमीश ने अपने संदेश में कहा कि मुश्किल दौर उन्होंने खुद झेला, उसके परिणामों की जिम्मेदारी ली और अपने अनुभवों से आगे बढ़ना सीखा। उन्होंने ऑनलाइन ट्रोलिंग पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वह भीड़ को खुश करने के बजाय अपने फैसलों के साथ खड़े रहना पसंद करेंगे।
हरमन बराड़ से जुड़ी चर्चाएं भी तेज
परमीश वर्मा पिछले कुछ समय से अभिनेत्री और मॉडल हरमन बराड़ के साथ अपने कथित रिश्ते को लेकर भी चर्चा में हैं। दोनों की सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और वीडियो के बाद डेटिंग की अटकलें तेज हुईं। हरमन के जन्मदिन पर परमीश की ओर से की गई एक पोस्ट में उन्हें ‘लव’ कहे जाने के बाद चर्चाओं को और हवा मिली। हालांकि, दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की है।
2021 में हुई थी शादी
परमीश वर्मा और गीत ग्रेवाल ने अक्टूबर 2021 में कनाडा में शादी की थी। दोनों ने शादी से पहले भी लंबे समय तक एकदूसरे को डेट किया था। 2022 में दोनों एक बेटी के मातापिता बने। जनवरी 2026 में दोनों के अलग होने से जुड़ा कथित दस्तावेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, लेकिन उस समय दोनों की ओर से कोई सार्वजनिक पुष्टि नहीं की गई थी। अब परमीश के बयान के बाद तलाक की बात सामने आ गई है।
नई जिंदगी में किसी महिला की मौजूदगी मानी
परमीश ने अपने संदेश में ‘जिंदगी में मौजूद महिला’ का जिक्र तो किया, लेकिन उसका नाम नहीं बताया। सोशल मीडिया पर इसे हरमन बराड़ से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए फिलहाल इसे केवल अटकल के तौर पर ही देखा जा रहा है।
तलाक की पुष्टि के बाद परमीश ने अब निजी जिंदगी को लेकर चल रही अटकलों के बीच अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है, लेकिन तलाक के कारणों और कथित नए रिश्ते के बारे में उन्होंने कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।


