TrendingUttar Pradesh

​UP Assembly Elections: चुनाव से पहले SIR और UGC पर भाजपा में मंथन, अयोध्या दान मामले को लेकर भी उठी चिंता

​UP Assembly Elections: चुनाव से पहले SIR और UGC पर भाजपा में मंथन, अयोध्या दान मामले को लेकर भी उठी चिंता

लखनऊः उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण , विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के नए नियम और अयोध्या में राम मंदिर दान से जुड़े कथित गड़बड़ी के मामले को लेकर भाजपा की संगठनात्मक बैठक में चर्चा हुई। पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारियों ने मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सामने इन मुद्दों को लेकर अपनी चिंताएं और फीडबैक रखा।

संगठन में हाल में हुए व्यापक फेरबदल के बाद प्रभारियों और सह प्रभारियों की यह पहली औपचारिक सामूहिक बैठक थी। नितिन नवीन ने सभी प्रभारियों से राज्यों की जमीनी स्थिति और सामने आ रही चुनौतियों की जानकारी खुलकर साझा करने को कहा।

चुनावी राज्यों में SIR को लेकर फीडबैक

भाजपा सूत्रों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा और मणिपुर समेत चुनावी राज्यों के प्रभारियों ने SIR को संभावित चुनावी मुद्दे के तौर पर उठाया। उनका कहना था कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को विपक्ष द्वारा उठाए जाने से लोगों के बीच भ्रम और आशंकाएं पैदा हो रही हैं।

नितिन नवीन ने प्रभारियों से कहा कि SIR को लेकर निर्वाचन आयोग की ओर से स्पष्ट की गई स्थिति को जनता तक पहुंचाया जाए और विपक्ष की ओर से किए जा रहे दावों का तथ्यात्मक जवाब दिया जाए।

UGC के नए नियमों को लेकर भी चिंता

उत्तर भारत के कुछ प्रभारियों ने UGC के नए नियमों को लेकर भी चिंता जताई और इस दिशा में तत्काल कदम उठाने की जरूरत बताई। बैठक में उत्तर प्रदेश के एक विधायक द्वारा दिए गए फीडबैक का भी जिक्र हुआ। उनके मुताबिक, UGC का मुद्दा गांवगांव तक पहुंच गया है और पार्टी को इससे जुड़े लोगों के भ्रम को दूर करने की जरूरत है।

अयोध्या दान मामले पर भी हुई चर्चा

बैठक में अयोध्या में चढ़ावे की कथित चोरी का मुद्दा भी उठा। प्रभारियों ने इस मामले को लेकर अपनी आशंकाएं नेतृत्व के सामने रखीं।

गौरतलब है कि अयोध्या राम मंदिर दान मामले की SIT जांच में 105 कथित अनधिकृत नकद निकासी या छिपाने के मामले सामने आने की बात कही गई है। सितंबर में इस मामले में आठ आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र भी दाखिल किया गया। हालांकि, जांच में कुछ कीमती दान सामग्री के रिकॉर्ड में अनियमितता नहीं मिलने की बात भी सामने आई है।

अंदरूनी खींचतान रोकने पर जोर

बैठक में चुनावी राज्यों में आपसी कलह, अंदरूनी खींचतान और भितरघात को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने को कहा गया। उत्तर प्रदेश और दिल्ली के बीच कथित दूरी को लेकर चल रही चर्चाओं का मुद्दा भी सामने आया।

एक प्रभारी ने कहा कि इस तरह की खबरें पार्टी के लिए परेशानी पैदा करती हैं। इस पर नवीन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूरा आशीर्वाद प्राप्त है और ऐसी भ्रामक सूचनाओं का प्रतिकार किया जाना चाहिए।

बिहार के लिए अलग रणनीति की सलाह

नितिन नवीन ने बिहार के प्रभारी हरीश द्विवेदी से कहा कि बिहार को उत्तर प्रदेश से अलग दृष्टिकोण से देखने की जरूरत है। उन्होंने राज्य की जातीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए चुनावी रणनीति तैयार करने पर जोर दिया।

युवाओं से संवाद बढ़ाने के निर्देश

भाजपा अध्यक्ष ने प्रभारियों को नियमित रूप से राज्यों का दौरा करने और युवाओं से सीधे संवाद बढ़ाने को कहा। उन्होंने बूथ स्तर की बैठकों में युवाओं की राय को प्राथमिकता देने और उनकी अपेक्षाओं को राज्य सरकारों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही इसका ब्योरा केंद्रीय नेतृत्व को भी देने को कहा।

सत्ता वाले राज्यों में सरकार और संगठन के बीच मतभेद को लेकर भी उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया।

करीब चार घंटे चली बैठक

पार्टी मुख्यालय में मंगलवार को करीब चार घंटे चली बैठक में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और सौदान सिंह भी मौजूद रहे।

ः  

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply