
लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश के उद्यमियों और विदेशी कंपनियों के बीच सीधा कारोबारी संवाद कराने के लिए यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो2026 में पार्टनर देशों के पवेलियन और बी2बी बैठकों पर विशेष जोर रहेगा। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होने वाले चौथे यूपीआईटीएस में जापान, वियतनाम, सिंगापुर, रूस, ऑस्ट्रिया और बेलारूस पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल हैं।
सिंगापुर की कंपनियां वीडियो सर्विलांस, सोल्डरिंग उपकरण और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े उत्पादों के साथ भाग लेंगी। रूस से पेट्रोकेमिकल, औद्योगिक गैस, प्रयोगशाला उपकरण, डायग्नोस्टिक और ऑक्सीजन समाधान जैसे क्षेत्र जुड़े हैं। ऑस्ट्रिया की भागीदारी में फोर्कलिफ्ट, वर्कशॉप उपकरण, इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्टेशन और मोबिलिटी सिस्टम प्रमुख होंगे। यूपीआईटीएस में ओडीओपी, एमएसएमई, कृषि, टेक्सटाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, फार्मा, ईवी, पर्यटन और खाद्य प्रसंस्करण समेत विभिन्न क्षेत्रों के उत्पाद प्रदर्शित होंगे। आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के उत्पादों और उद्यमियों को घरेलू के साथ वैश्विक बाजार से जोड़ना है। इस साल 36,500 वर्ग मीटर प्रदर्शनी क्षेत्र बुक हो चुका है और 45 हजार से अधिक घरेलू बी2बी खरीदार पंजीकरण करा चुके हैं।
मुख्यमंत्री के साथ संवाद, बी2बी से कारोबार की राह
पार्टनर देशों के प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ संवाद के अलावा बी2बी बैठक, कंट्री सेशन और राउंडटेबल में हिस्सा लेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम का उद्देश्य विदेशी कारोबारियों और उत्तर प्रदेश के उद्यमियों के बीच सीधे संपर्क के जरिए बाजार, निवेश, तकनीकी सहयोग और निर्यात की संभावनाओं पर बातचीत को आगे बढ़ाना है। आयोजन में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के लिए पूर्व निर्धारित बी2बी मैचमेकिंग बैठकें भी रखी गई हैं। वियतनाम के पवेलियन में एविएशन, पर्यटन, कृषि, फार्मा, खाद्य, टेक्सटाइल, हस्तशिल्प और इलेक्ट्रिक वाहन से जुड़े क्षेत्र प्रमुख होंगे। जापान की भागीदारी में तकनीक, औद्योगिक उपकरण और मशीनरी से जुड़े उत्पादों के साथ जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन की निवेश संबंधी जानकारी भी शामिल होगी।
यह भी पढे़ं:



