Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के पलड़ी गांव में लूट के मामले में वांछित आरोपी को पकड़ने गई शामली और मुजफ्फरनगर पुलिस की संयुक्त टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की, गालीगलौज और बदसलूकी की गई. हंगामे के बीच ग्रामीण पुलिस हिरासत से आरोपी को छुड़ाकर ले गए. मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है.

पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर को शामली जिले के आदर्श मंडी थाने के एक उपनिरीक्षक ने शाहपुर थाने पहुंचकर लूट के मामले में वांछित आरोपी के पलड़ी गांव में होने की सूचना दी थी. इसके बाद आदर्श मंडी थाना शामली और शाहपुर थाना मुजफ्फरनगर की पुलिस ने संयुक्त रूप से गांव में दबिश दी.
संयुक्त टीम ने लूट के मामले में वांछित आरोपी मुजफ्फर को हिरासत में ले लिया और उसे पुलिस वाहन में बैठा दिया. इसी दौरान आरोपी के परिजन और कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. आरोप है कि उन्होंने पुलिस टीम के साथ हाथापाई और धक्कामुक्की शुरू कर दी. गालीगलौज करते हुए हंगामा किया गया और पुलिस हिरासत से आरोपी को छुड़ा लिया गया.
आठ आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद शाहपुर थाने में पुलिस टीम के साथ बदसलूकी और आरोपी को छुड़ाने के मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने मामले में करीब दर्जनभर नामजद आरोपियों समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने इस मामले में साकिर, इरफान, इस्लाम, इनाम, सलमान, आकिब, फिरोज और नदीम को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है. अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
दो टीमों का किया गया गठन
सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि 8 अक्टूबर को शामली के आदर्श मंडी थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित आरोपी की तलाश के लिए दोनों जिलों की पुलिस संयुक्त रूप से पलड़ी गांव पहुंची थी. आरोपी को हिरासत में लेने के बाद जब पुलिस टीम उसे लेकर जाने लगी, तभी उसके परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस के साथ हाथापाई कर उसे छुड़ा लिया.
सीओ के मुताबिक, इस संबंध में शाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया था, जिसके बाद आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है.



