योगी की पाती… इन तीन शब्दों में ही वह मर्म छिपा है, जिसे केवल शब्दों के संप्रेषण के रूप में नहीं देखा जा सकता. इन तीन शब्दों में शासन की संवेदनशीलता, जवाबदेही और जनसरोकारों से जुड़ाव का आत्मिक प्रयास निहित है. यह पाती हर नागरिक को आश्वस्त करती है कि सत्ता उसे सुन रही है, उसकी तकलीफों को महसूस कर रही है और उसके सुखदुख में परिवार के मुखिया की तरह उसके साथ खड़ी है.

ये पत्र का जनता के समक्ष प्रस्तुत वह भावनात्मक हलफनामा हैं, जो कर्तव्य की सीमा लांघकर स्वभाव बन जाता है. ‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे हो चुके हैं. इस पड़ाव पर सबसे स्वाभाविक प्रश्न वही है, जो अनेक लोगों के मन में उठता रहा है कि मुख्यमंत्री पाती क्यों लिखते हैं? जिसके पास योजनाओं की फाइलें हों, विभागों की पूरी मशीनरी हो और संवाद के लिए मंचों की कमी न हो, वह हर सप्ताह कलम उठाकर अपने प्रदेश से बात क्यों करे?
वनटांगिया गांव की पहली यात्रा
इन प्रश्नों के उत्तर में एक दशक की न जाने कितनी स्मृतियां साकार हो उठती हैं. वनटांगिया गांव की पहली यात्रा… कोल, गौड़, मुसहर, थारू और बुक्सा जैसे वंचित समाज के लोग, वर्षों से मलिनता और अभाव से जूझता उनका जीवन और पूर्वांचल में इंसेफ्लाइटिस से तड़पते बच्चे. मुख्यमंत्री यदि संवेदनशील हैं तो इन परिस्थितियों को देखकर उनका मन व्यथित होना स्वाभाविक है. उन्हें इस बात का भी अहसास होता है कि शासन का वास्तविक दायित्व केवल योजनाएं बनाना और उपलब्धियां गिनाना नहीं है. उसका असली अर्थ समाज के उस अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है, जिसकी अपेक्षाएं और पीड़ा कई बार व्यवस्था तक पहुंच ही नहीं पातीं.
यही सोच शासन की कसौटी बदलती है. पूर्ववर्ती सरकारें अपनी सफलता आंकड़ों, उद्घाटनों और घोषणाओं में खोजती रहीं, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब पहली बार वनटांगिया गांव पहुंचते हैं तो उनके लिए सफलता का पैमाना बदल जाता है. मुख्यमंत्री स्वयं स्वीकार करते हैं, “इस प्रकार के प्रसंगों से मुझे यह अनुभव हुआ कि विचारों और संवाद के बीच निरंतर संवाद तथा संवेदनशील जुड़ाव होना चाहिए.” पाती की प्रेरणा भी इसी भाव में निहित है. यहां ‘निरंतर’ शब्द पर ठहरकर विचार करना चाहिए. एक बार का संवाद आयोजन होता है और बारबार का संवाद आदत. जनता का भरोसा आयोजनों से नहीं, आदतों से बनता है. जिस बात को हर सप्ताह दोहराया जाए, वह धीरेधीरे संबंध का रूप ले लेती है. पचास सप्ताह की यह अविराम श्रृंखला बताती है कि यह पहल किसी एक आयोजन का परिणाम नहीं, बल्कि एक संकल्प की परिणति है.
अजयेंद्र शुक्ला, वरिष्ठ पत्रकार
औपचारिक सूचनाओं तक सीमित नहीं
पाती की मूल भावना यह है कि मुख्यमंत्री और प्रदेश की पच्चीस करोड़ जनता के बीच संबंध केवल औपचारिक सूचनाओं तक सीमित न रहें. औपचारिक सूचना की भाषा में तथ्य होते हैं, आत्मीयता नहीं. उसे पढ़कर नागरिक जान तो लेता है कि सरकार ने क्या किया, लेकिन यह नहीं जान पाता कि सरकार उसके बारे में क्या सोचती है. पत्र की भाषा इसी रिक्तता को भरती है. उसमें संबोधन होता है, आत्मीयता होती है और एक व्यक्ति का दूसरे व्यक्ति से बात करने का भाव होता है. ‘मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों’ जैसा संबोधन अधिसूचना की शैली में संभव ही नहीं है.
इसी भाव का सार वह सूत्र है, जो इस पूरी पहल को अर्थ देता है. उत्तर प्रदेश मात्र एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि एक परिवार है और परिवार में आदेश नहीं, अपनत्व के साथ संवाद होता है. प्रशासनिक इकाई में नागरिक एक संख्या, लाभार्थी या आवेदक होता है, जबकि परिवार में वह सदस्य होता है. संख्या की चिंता आंकड़े करते हैं, सदस्य की चिंता संवेदना करती है. जब राज्य को परिवार माना जाता है तो शासक पर नैतिक उत्तरदायित्व का एक अतिरिक्त भार भी आ जाता है, क्योंकि परिवार का मुखिया सबसे कमजोर सदस्य की थाली देखे बिना भोजन नहीं करता. यह रूपक सत्ता को आराम नहीं देता, बल्कि उसे जवाबदेही की कसौटी पर कसता है और जनता को यह अधिकार देता है कि वह इसी कसौटी पर सरकार को परखे.
युवाओं की आकांक्षाएं और बच्चों की सुरक्षा
पाती के विषय भी इसी परिवारभाव से चुने गए हैं. इसमें ऐसे विचारों पर संवाद का प्रयास रहा है, जो सीधे जीवन, आकांक्षाओं, राष्ट्रबोध और प्रदेश के भविष्य से जुड़े हों. सुखदुख की साझेदारी, परस्पर विश्वास और सहभागिता को सुदृढ़ करना ही इसका ध्येय है. सुख की साझेदारी में कोई कठिनाई नहीं होती, उत्सव में सब साथ होते हैं. असली परीक्षा दुख की साझेदारी में होती है, जहां शासक को केवल सांत्वना नहीं, बल्कि समाधान लेकर भी खड़ा होना पड़ता है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से गत एक वर्ष में लिखे गए पत्र केवल विचारों की अभिव्यक्ति तक सीमित नहीं रहे. वे प्रदेश की जनभावनाओं को समझने, उन्हें स्वर देने और उनके अनुरूप एक व्यापक दृष्टि साझा करने का माध्यम भी बने हैं. जो हर सप्ताह जनता से मुखातिब होता है, उसे हर सप्ताह यह भी सोचना पड़ता है कि जनता को क्या सुनना है और उससे क्या कहना है. यही वजह है कि इस संवाद की गूंज प्रदेश की सीमाओं को पार कर देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंची है.
इसमें एक सीख भी निहित है कि सच्चे अनुभव से उपजा विचार भौगोलिक सीमाओं में कैद नहीं रहता. वनांचल की पीड़ा, किसी बस्ती की पुकार, युवाओं की आकांक्षाएं और बच्चों की सुरक्षा, ये सब किसी एक प्रदेश के विषय नहीं, बल्कि पूरे देश के सरोकार हैं. जनता से सीधे जुड़ने का यह तरीका अन्यत्र भी अपनाए जाने योग्य मॉडल बन सकता है और बनना भी चाहिए, क्योंकि इससे जनमानस और शासक के बीच का रिश्ता मजबूत होता है.
उत्सव से अधिक आत्ममंथन का अवसर
इसलिए पचास सप्ताह का यह पड़ाव उत्सव से अधिक आत्ममंथन का अवसर है. आगे की साधना यह है कि सुखदुख की यह संवादश्रृंखला और सुदृढ़ हो तथा विचारों की यह साझेदारी विश्वास का ऐसा सेतु बने, जो सरकार और समाज को एकदूसरे के और निकट लाए. मुख्यमंत्री स्वयं चाहते हैं कि पाती केवल उनके विचारों की अभिव्यक्ति बनकर न रह जाए. उसमें जनता के मन की बात, उसकी अपेक्षाओं और सुझावों को भी समान रूप से स्थान मिले. उन्होंने आवाज को पाती की वास्तविक शक्ति बताया है. इसका अर्थ है कि संवाद की यह धारा अब सरकार से समाज की ओर बहने के साथसाथ समाज से सरकार की ओर लौटने के लिए भी तत्पर है.
हमारे समाज में चिट्ठी का अपना महत्व रहा है. उसमें लिखने वाले की धड़कन होती है और पढ़ने वाले के लिए इंतजार. पत्र केवल सूचना नहीं देता, रिश्ता भी बनाता है. इस दौर में, जब शासन की बात प्रेस नोट, होर्डिंग और सोशल मीडिया के संक्षिप्त संदेशों तक सिमट गई है, मुख्यमंत्री का हर सप्ताह जनता के नाम पाती लिखना अपने आप में एक सोचासमझा चुनाव है. ‘योगी की पाती’ के पचास सप्ताह पूरे हो चुके हैं. यह अवसर केवल इसकी गिनती करने का नहीं, बल्कि इसके मर्म को समझने का है. इस मर्म में ‘संकल्प, संवाद और संवेदना’ की त्रिवेणी स्पष्ट रूप से दिखाई देती है.



