
ग्रेटर नोएडा से धीरेंद्र सिंह, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश के मेडिकल डिवाइस क्षेत्र में रूस की डीएनएटेक्नोलॉजी निवेश की संभावनाएं तलाश रही है। UP International Trade Show 2026 में अमृत विचार से बातचीत में अंतरराष्ट्रीय बाजार निदेशक सर्गेई लाबुटिन ने कहा कि ग्रेटर नोएडा के पास स्थित मेडिकल डिवाइस पार्क में उत्पादन इकाई स्थापित करने के प्रस्ताव का कंपनी अध्ययन कर रही है।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश सरकार के साथ बैठकें की हैं और निवेश से जुड़े प्रस्तावों और सुविधाओं की जानकारी ली है। उनका कहना है कि प्रस्ताव निवेश की दृष्टि से आकर्षक दिखाई दे रहे हैं, हालांकि अंतिम निर्णय विस्तृत मूल्यांकन के बाद लिया जाएगा। प्रस्तुत है साक्षात्कार के प्रमुख अंश..
अमृत विचार : उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को लेकर आपका अनुभव कैसा रहा?
सर्गेई लाबुटिन: हम पहली बार उत्तर प्रदेश आए हैं। हमने प्रदेश सरकार के स्तर पर कई बैठकें की हैं। यहां सरकार निवेश आकर्षित करने के लिए सकारात्मक प्रयास कर रही है। हमें कई महत्वपूर्ण जानकारियां और प्रस्ताव मिले हैं। अब हमें इन सभी प्रस्तावों का विश्लेषण करना है। शुरुआती तौर पर ये निवेश की दृष्टि से आकर्षक दिखाई दे रहे हैं।
अमृत विचार : क्या ग्रेटर नोएडा के मेडिकल डिवाइस पार्क में उत्पादन इकाई स्थापित करने पर विचार है?
लाबुटिन: भारत में उत्पादन और विनिर्माण क्षमता स्थापित करना हमारे लिए बड़ा और महत्वपूर्ण कदम होगा। इसलिए हम सभी पहलुओं का मूल्यांकन करेंगे। यदि उत्तर प्रदेश का यह क्षेत्र हमें निवेश की दृष्टि से उपयुक्त लगा तो हम ग्रेटर नोएडा के पास स्थित मेडिकल डिवाइस पार्क में अपना उत्पादन स्थापित करने पर विचार कर सकते हैं। यह भारत में निर्मित हमारे उत्पादों के उत्पादन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
अमृत विचार : भारत आपके लिए कितना महत्वपूर्ण बाजार है और कंपनी की क्या योजना है?
लाबुटिन: भारत हमारे लिए महत्वपूर्ण बाजारों में से एक है। भारत और रूस के बीच सोवियत संघ के समय से ही गहरे संबंध रहे हैं और वर्तमान में ये संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। हम भारतीय बाजार में प्रवेश को लेकर व्यापक योजना पर काम कर रहे हैं। इसमें कंपनी का प्रतिनिधि कार्यालय स्थापित करने और आगे चलकर भारत में अपने उत्पादों का उत्पादन शुरू करने की योजना शामिल है।
अमृत विचार : भारत में आपकी कौनसी तकनीकें सबसे ज्यादा उपयोगी हो सकती हैं?
लाबुटिन: हम अपनी सभी प्रमुख तकनीकों को भारत में लाना चाहते हैं। हमारी कंपनी की खासियत यह है कि हम उपकरण और जांच में इस्तेमाल होने वाले अभिकर्मकों से लेकर अंतिम जांच परिणाम तक का पूरा तकनीकी समाधान उपलब्ध कराते हैं। भारत के लिए हमारा लक्ष्य ऐसे समाधान विकसित करना है, जो विशेष रूप से भारतीय आबादी की जरूरतों के अनुरूप हों।
अमृत विचार : स्वास्थ्य के किन क्षेत्रों में आपकी तकनीक का इस्तेमाल महत्वपूर्ण हो सकता है?
लाबुटिन: महिलाओं के स्वास्थ्य के क्षेत्र में हमारे कई महत्वपूर्ण समाधान हैं। इनके माध्यम से समय रहते स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों की पहचान की जा सकती है। इससे गर्भावस्था के दौरान डॉक्टरों को बेहतर निर्णय लेने में मदद मिल सकती है और समय से पहले प्रसव जैसे जोखिमों को कम करने में सहायता मिल सकती है। इसके अलावा हम तपेदिक के जीवाणुओं की जांच और एंटीबायोटिक प्रतिरोध के क्षेत्र में भी काम कर रहे हैं। हमने ऐसी जांच प्रणालियां विकसित की हैं, जो डॉक्टरों को मरीज के लिए उपयुक्त एंटीबायोटिक उपचार चुनने में मदद कर सकती हैं।
अमृत विचार : भारत में स्थानीय उत्पादन को लेकर कंपनी का क्या उद्देश्य है?
लाबुटिन: हमारा उद्देश्य केवल विदेशी उत्पादों को भारत लाना नहीं है। हम अपनी तकनीक को भारतीय बाजार की जरूरतों के अनुरूप ढालना चाहते हैं। अलगअलग देशों की कंपनियां अपने यहां विकसित उत्पाद भारत में ला सकती हैं, लेकिन हमारा लक्ष्य भारतीय बाजार के लिए उत्पादों का स्थानीय स्तर पर अनुकूलन करना है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने और स्वास्थ्य व्यवस्था पर पड़ने वाले बोझ को कम करने में मदद मिल सकती है।
कौन हैं सर्गेई लाबुटिन
सर्गेई लाबुटिन रूस की डीएनएटेक्नोलॉजी कंपनी में अंतरराष्ट्रीय बाजार निदेशक हैं। वह कंपनी के अंतरराष्ट्रीय बाजार विस्तार, नए देशों में कारोबार की संभावनाओं और स्थानीय साझेदारी व उत्पादन से जुड़े प्रयासों को देखते हैं। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में वह उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाएं तलाशने पहुंचे हैं।



