
आगरा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड 8वीं बार खिताब अपने नाम किया। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना के अर्धशतकों की बदौलत भारत ने श्रीलंका को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
भारत का महिला एशिया कप में दबदबा किस कदर रहा है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक प्रतियोगिता के 10 संस्करण खेले जा चुके हैं और भारतीय टीम हर बार फाइनल में पहुंची है। इनमें से आठ बार टीम चैंपियन बनी है।
दीप्ति शर्मा के पिता ने टीम इंडिया को सराहा
भारतीय क्रिकेटर दीप्ति शर्मा के पिता श्रीभगवान शर्मा ने महिला टीम की ऐतिहासिक जीत पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया और बल्लेबाजी से लेकर गेंदबाजी तक सभी ने अपना योगदान दिया।
श्रीभगवान शर्मा के मुताबिक, भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आखिरी गेंद तक बेहतर प्रदर्शन किया। ओपनर्स ने मजबूत शुरुआत दी और इसके बाद गेंदबाजों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने टीम की एकजुटता और मेहनत की तारीफ की।
श्रीलंका को हराकर पिछले एशिया कप की हार का बदला
श्रीभगवान शर्मा ने कहा कि भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को हराकर पिछले एशिया कप में मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके प्रदर्शन की सराहना की।
एशियाई खेलों में गोल्ड की उम्मीद
दीप्ति शर्मा के पिता ने अब भारतीय महिला टीम से एशियाई खेलों में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा कि जापान में होने वाले एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ी इसी फॉर्म को बरकरार रखें और देश के लिए स्वर्ण पदक जीतें।
उन्होंने खास तौर पर दीप्ति शर्मा के प्रदर्शन की तारीफ की। उनके मुताबिक, दीप्ति ने फाइनल में भी शानदार गेंदबाजी की और तीन विकेट हासिल किए। उन्होंने बताया कि दीप्ति टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली खिलाड़ी हैं और उनके नाम कुल 14 विकेट हैं।
श्रीभगवान शर्मा ने उम्मीद जताई कि दीप्ति शर्मा एशियाई खेलों में भी अपनी मौजूदा फॉर्म जारी रखेंगी और टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाएंगी।
ः



