ईपीएफ खाताधारकों के लिए अब कई जरूरी सेवाएं UMANG ऐप पर उपलब्ध हैं. कर्मचारी ऐप के जरिए अपना यूएएन जनरेट, एक्टिवेट और फेस ऑथेंटिकेशन कर जैसे 5 जरूरी काम आप घर बैठे कर सकते हैं. इसके अलावा ईपीएफ बैलेंस चेक करने, पासबुक डाउनलोड करने और क्लेम का स्टेटस जानने जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं. श्रम और रोजगार मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी है.

UMANG ऐप पर मिलेंगी EPFO की 5 जरूरी सेवाएं
श्रम और रोजगार मंत्रालय के मुताबिक, UMANG ऐप के जरिए यूएएन अलॉटमेंट, यूएएन एक्टिवेशन और पहले से एक्टिव यूएएन का फेस ऑथेंटिकेशन किया जा सकता है. यूएएन मिलने और एक्टिव होने के बाद सदस्य अपने ईपीएफ खाते से जुड़ी ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं. इनमें ईपीएफ बैलेंस चेक करना, पासबुक डाउनलोड करना, क्लेम का स्टेटस देखना और केवाईसी अपडेट जैसी सुविधाएं शामिल हैं. इन सेवाओं का फायदा लेने के लिए वैध आधार नंबर, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और फेस ऑथेंटिकेशन के लिए आधार फेस आरडी ऐप की जरूरत होगी.
UMANG ऐप के माध्यम से अब आप अपना UAN अलॉट, एक्टिवेट और ऑथेंटिकेट कर सकते हैं। UAN प्राप्त होने के बाद EPFO की ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठाना और भी आसान हो जाता है। आप अपना EPF बैलेंस देख सकते हैं, पासबुक डाउनलोड कर सकते हैं, pic.twitter.com/1QMHJyufzD
— Ministry of Labour & Employment, GoI September 4, 2026
ऐसे जनरेट और एक्टिव होगा नया UAN
जिन लोगों के पास अभी यूएएन नहीं है, वे UMANG ऐप में यूएएन अलॉटमेंट एंड एक्टिवेशन विकल्प पर जाकर आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज कर सकते हैं. आधार वैलिडेशन के लिए सहमति देने के बाद मोबाइल पर आए ओटीपी को दर्ज करना होगा. सिस्टम पहले जांच करेगा कि आधार पहले से किसी यूएएन से जुड़ा है या नहीं. अगर यूएएन नहीं मिलता है तो यूजर को फेस ऑथेंटिकेशन करना होगा. सफल फेस स्कैन के बाद सिस्टम जानकारी लेकर नया यूएएन जनरेट करेगा और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस के जरिए भेज देगा. ओटीपी या फेस ऑथेंटिकेशन फेल होने पर दोबारा कोशिश या सपोर्ट से संपर्क किया जा सकता है.
पहले से UAN है तो ऐसे करें एक्टिव और फेस वेरिफिकेशन
जिन कर्मचारियों के पास यूएएन है लेकिन वह एक्टिव नहीं है, वे UMANG ऐप के यूएएन एक्टिवेशन विकल्प में जाकर यूएएन, आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज कर सकते हैं. ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद यूआईडीएआई एपीआई के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन करना होगा. वेरिफिकेशन सफल होने पर यूएएन एक्टिव हो जाएगा और एसएमएस पर यूएएन व अस्थायी पासवर्ड मिलेगा. वहीं, पहले से एक्टिव यूएएन वाले सदस्य फेस ऑथेंटिकेशन ऑफ ऑलरेडी एक्टिवेटेड यूएएन विकल्प से अपनी पहचान वेरिफाई कर सकते हैं. इसके बाद यूएएन, आधार डिटेल, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर के आधार पर ईपीएफओ रिकॉर्ड की जानकारी अपने आप अपडेट हो जाएगी.


