
Muzaffarnagar Crime: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के चरथावल क्षेत्र में 24 वर्षीय युवती ने पांच युवकों पर गैंगरेप का आरोप लगाया है. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की तीन टीमें गठित की हैं.
मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के चरथावल थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय दलित युवती के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है.
पीड़िता के मुताबिक, शनिवार शाम को उमर नाम के एक युवक ने उसे फोन किया. युवक ने उससे कहा कि उसकी मां घास काटने गई थी और वो घास आकर ले जाए. जब युवती वहां पहुंची, तो उमर अपने चार अन्य साथियों के साथ वहां मौजूद था.
आरोप है कि इन युवकों ने युवती के मुंह पर नशीला पदार्थ लगा रुमाल रख दिया, जिससे वह बेहोश हो गई. इसके बाद आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर जबरन काछोली के जंगल में ले गए.
देर रात मिली पीड़िता
पीड़िता का आरोप है कि जंगल में ले जाकर तीन युवकों ने उसके साथ गैंगरेप किया, जबकि दो आरोपी बाहर पहरा दे रहे थे. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. देर रात पुलिस ने युवती को संदिग्ध परिस्थितियों में जंगल से बरामद किया. इसके बाद पुलिस ने तुरंत पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा.
आरोपियों पर लगेगा गैंगस्टर एक्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरनगर पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई है. पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.



