भारतीय क्रिकेट टीम से लंबे समय से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज उमेश यादव ने अपने घरेलू क्रिकेट करियर को लेकर बड़ा फैसला किया है। 38 वर्षीय उमेश ने विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन से अलग होने का फैसला कर लिया है। उन्होंने एसोसिएशन से अनापत्ति प्रमाण पत्र यानी एनओसी हासिल कर ली है। अब आगामी घरेलू सीजन में वह किसी दूसरी राज्य की टीम से खेलते हुए नजर आ सकते हैं।

18 साल बाद विदर्भ से अलग हुए Umesh Yadav
उमेश यादव का विदर्भ क्रिकेट के साथ लंबा रिश्ता रहा है। उन्होंने इसी टीम से घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई और आगे चलकर भारतीय टीम तक पहुंचे। अब करीब 18 साल के लंबे सफर के बाद उन्होंने विदर्भ से अलग होने का फैसला किया है।
उमेश ने खुद इस फैसले की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने आगे बढ़ने और किसी दूसरी राज्य की टीम के लिए खेलने का फैसला किया है। उनके मुताबिक, उन्हें विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन से एनओसी भी मिल चुकी है। हालांकि अभी उन्होंने यह नहीं बताया है कि वह किस राज्य की टीम का हिस्सा बनेंगे।
टीम में भूमिका को लेकर नहीं थी स्पष्टता
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उमेश यादव अपनी घरेलू टीम में अपनी भूमिका को लेकर स्पष्टता चाहते थे। वह लगातार क्रिकेट खेलना चाहते थे, लेकिन टीम में उनकी भूमिका को लेकर स्थिति साफ नहीं हो पा रही थी। इसी वजह से उन्होंने नई टीम की तलाश करने का फैसला किया।
उमेश ने बताया है कि वह कुछ अन्य राज्य क्रिकेट संघों के संपर्क में हैं। यानी आने वाले घरेलू सीजन में उनकी नई टीम का ऐलान जल्द हो सकता है। विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन ने भी उनके एनओसी लेने की पुष्टि की है।
2023 में खेला था भारत के लिए आखिरी मैच
उमेश यादव लंबे समय से भारतीय टीम की योजनाओं से बाहर हैं। उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जून 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में खेला था। इसके बाद से वह टीम इंडिया में वापसी नहीं कर सके हैं।
भारत के लिए उमेश ने 57 टेस्ट में 170 विकेट, 75 वनडे में 106 विकेट और 9 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 12 विकेट लिए हैं। अब उनकी नजर घरेलू क्रिकेट में नई टीम के साथ अच्छा प्रदर्शन करने पर होगी। अगर वह लगातार विकेट लेने में सफल रहते हैं, तो उनका अनुभव युवा गेंदबाजों के लिए भी काफी उपयोगी साबित हो सकता है।



