उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी मंदिर से कुछ ही दूरी पर शनिवार को एक बड़ा हादसा होते होते टल गया. यहां एक क्रेन चालक सड़क किनारे स्थित रुद्रेश्वर महादेव मंदिर की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया. गनीमत रहा कि इस दौरान पूजा पाठ कर रही महिलाएं और बच्चे बालबाल बच गए. हालांकि, मंदिर में क्रेन के घुसने से एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन को जब्त ड्राइव को हिरासत में ले लिया.

जानकारी के अनुसार, लालगंज थाना क्षेत्र के दुबार कला गांव का रहने वाला सूचित सिंह क्रेन लेकर कहीं जा रहा था. रेलवे बिज्र के कारण निकलने का रास्ता न होने पर वह विंध्याचल अटल चौक पर क्रेन को बैक रहा था, तभी भारीभरकम कैन अनियंत्रित होकर सीधे रुद्रेश्वर महादेव मंदिर में जा घुसी. मंदिर की एक दीवार पूरी तरह टूट गई. इससे दौरान मंदिर में पूजापाठ कर रही महिलाएं और बच्चे काफी घबरा गए.कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई.
पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में लिया
लोगों ने क्रेन चालक को पकड़कर तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी. स्थानीय पुलिस के साथ ही सिटी क्षेत्राधिकारी अमित कुमार भी मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल टेस्ट के लिए भेज दिया है, जिससे इस बात की पुष्टि हो सके कि वह क्रेन चलाते समय नशे में तो नहीं था. साथ ही क्रेन जब्त कर थाने ले जाने लगे.घटना से नाराज लोगों ने क्रेन को मौके पर ही रोक लिया और मंदिर के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत की मांग पर अड़ गए.
मंदिर मरम्मत का मिला आश्वासन
इस पर सीओ सिटी अमित कुमार ने उन्हें आश्वासन दिया कि क्रेन मालिक से बात कर मंदिर की मरम्मत कराई जाएगी और मामले में जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सबसे अच्छी बात ये रही है कि इस हादसे में किसी को भी चोट नहीं आई है.



