UP Assembly Assurance Committee Visit Bijnor: उत्तर प्रदेश विधानसभा की सरकारी आश्वासन संबंधी समिति ने शुक्रवार को बिजनौर जिले का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों और सरकारी संस्थानों का सघन निरीक्षण किया. समिति के संयोजक व संभल से सपा विधायक इकबाल महमूद के नेतृत्व में पहुंची इस टीम में राम खिलाड़ी सिंह यादव, राजेंद्र कुमार और मनोज कुमार प्रजापति शामिल रहे. जांच दल ने गंगा नदी के रावली तटबंध, धर्मनगरी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और जिला अस्पताल का जायजा लिया.

विकास कार्यों की समीक्षा के बाद समिति के अध्यक्ष इकबाल महमूद ने स्थानीय प्रशासन के कार्यों पर संतोष व्यक्त किया. समिति ने सबसे पहले गंगा नदी के लेफ्ट अफ्लैक्स बंध पर पहुंचकर वहां किए गए बाढ़ सुरक्षा कार्यों की बारीकी से जांच की. मौके पर मौजूद सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता कर्ण पाल सिंह ने समिति को बताया कि इस बेहद संवेदनशील तटबंध की सुरक्षा के लिए 35 करोड़ रुपये की लागत का बड़ा प्रोजेक्ट सफलता पूर्वक पूर्ण कर लिया गया है.
इस परियोजना में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल
इस परियोजना में आधुनिक तकनीक ‘स्पेशल एसीबीएम’ का इस्तेमाल किया गया है. अधिकारियों ने बताया कि कार्य करने वाली फर्म को अब तक 9 करोड़ 25 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है. खास बात यह है कि यही फर्म अगले पांच वर्षों तक इस तटबंध के मेंटेनेंस की जिम्मेदारी भी संभालेगी. कार्य की उच्च गुणवत्ता को देखकर विधानसभा समिति के सदस्यों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों की जमकर तारीफ की और उनकी पीठ थपथपाई.
इसके बाद समिति के सदस्य धर्मनगरी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय छात्रावास विद्यालय पहुंचे. यहां समिति के विधायकों ने स्कूल की व्यवस्थाओं को देखा और वहां पढ़ाई कर रही छात्राओं से सीधा संवाद किया. निरीक्षण के दौरान सदस्यों ने छात्राओं से गणित के पहाड़े भी सुने, जिसका बच्चों ने बहुत ही उत्साह के साथ सही जवाब दिया. स्कूल की शिक्षा व्यवस्था, साफसफाई और छात्राओं के खानपान से समिति बेहद संतुष्ट नजर आई.
जिला अस्पताल का निरीक्षण
विधायकों ने बच्चियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें जीवन में बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए पूरे मनोयोग से मेहनत करने की प्रेरणा दी. बेड की चादरें रोज बदलने के सख्त निर्देश दौरे के अंतिम चरण में आश्वासन समिति ने जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान विधायकों ने इमरजेंसी, ओपीडी, विभिन्न वार्डों, रसोईघर और डिस्पेंसरी की व्यवस्थाओं को परखा.
इस दौरान विधायकों ने इमरजेंसी, ओपीडी, विभिन्न वार्डों, रसोईघर और डिस्पेंसरी की व्यवस्थाओं को परखा. समिति ने डॉक्टरों की उपस्थिति और दवाओं की उपलब्धता की भी जानकारी ली. मरीजों की सहूलियत को देखते हुए समिति सदस्यों ने अस्पताल प्रशासन को कड़े निर्देश दिए कि भर्ती मरीजों के बेड की चादरें हर दिन अनिवार्य रूप से बदली जाएं. स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई.
प्रशासन के कार्यों से समिति संतुष्ट
निरीक्षण कार्यक्रम के समापन पर समिति के अध्यक्ष इकबाल महमूद ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “बिजनौर में स्थानीय प्रशासन ने विकास कार्यों को लेकर बहुत ही बढ़िया काम कराया है. हमारी समिति यहां कराए गए विकास कार्यों और व्यवस्थाओं की जांच से पूरी तरह संतुष्ट है.” इस निरीक्षण के दौरान जिले की डीएम जसजीत कौर, एसडीएम स्मृति मिश्रा, एसपी केके विश्नोई, एक्सीएन सिचाई विभाग कर्णपाल सिंह, सीएमओ, सहित तमाम आला अधिकारी और संबंधित विभागों के अभियंता भी मौजूद रहे.



