Banda News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक बेहद भावुक और दुखद घटना सामने आई है. छत्तीसगढ़ आर्म्स फोर्स में तैनात जवान शिवमूरत पटेल का हाल ही में सिपाही से हवलदार पद पर प्रमोशन हुआ था. नई जिम्मेदारी संभालने के लिए वह ज्वाइनिंग पर जा रहे थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. रास्ते में उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया, जिससे उनकी मौत हो गई. खबर मिलते ही परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

बांदा जिले की बबेरू तहसील के ग्राम पारा बिहारी निवासी शिवमूरत पटेल, मोतीलाल पटेल के पुत्र थे. वर्षों की सेवा और मेहनत के बाद उन्हें हवलदार पद पर पदोन्नति मिली थी. परिवार और गांव के लोग इस उपलब्धि से बेहद खुश थे, लेकिन ज्वाइनिंग से पहले ही अचानक आए हार्ट अटैक ने सारी खुशियां मातम में बदल दीं. जब जवान का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर उनके पैतृक गांव पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया. अंतिम दर्शन के लिए सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और क्षेत्रवासी उमड़ पड़े. हर आंख नम थी और परिजनों का रोरोकर बुरा हाल था. पूरे गांव ने अपने बेटे को नम आंखों से अंतिम विदाई दी.
लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की
अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. सभी ने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अजय सिंह पटेल और बबेरू ब्लॉक प्रमुख रमाकांत पटेल ने भी अंतिम संस्कार में शामिल होकर शोक जताया और कहा कि शिवमूरत पटेल की असमय मृत्यु पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है.
शोक में डूबा परिवार
ग्रामीणों ने बताया कि शिवमूरत पटेल बेहद मिलनसार, कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित जवान थे. उन्होंने अपने सेवा काल में पूरी निष्ठा के साथ देश और समाज की सेवा की. उनकी पदोन्नति पूरे गांव के लिए गर्व का विषय थी, लेकिन नई जिम्मेदारी संभालने से पहले ही उनका इस दुनिया से चले जाना हर किसी को झकझोर गया. वहीं जवान की आकस्मिक मौत से परिवार शोक में डूब गया.


