UP Police Constable Death On Duty: उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात 2025 बैच के युवा सिपाही सुधीर कुमार ने बुलंदशहर में ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, जबकि आगरा स्थित उनके पैतृक गांव में मातम पसरा हुआ है।

जवान बेटे की मौत पर परिवार में मचा कोहराम
मृतक सिपाही सुधीर कुमार, आगरा जिले के थाना इरादतनगर क्षेत्र के गांव सिंगेचा निवासी थे। वह जगवीर सिंह के 25 वर्षीय पुत्र थे और हाल ही में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
वायरल ऑडियो ने खडें किए कई सवाल
घटना के बाद एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। वायरल ऑडियो में कथित तौर पर सुधीर कुमार यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि उन्हें पेट में तेज दर्द था और उन्होंने इसकी जानकारी ड्यूटी पर मौजूद मुंशी को दी थी, लेकिन उन्हें छुट्टी या राहत नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने अपनी समस्या थाना प्रभारी को बताई, जहां कथित तौर पर उनके साथ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया।
मानसिक रूप से परेशान और हताश था सिपाही
ऑडियो में सिपाही खुद को मानसिक रूप से परेशान और हताश बताते हुए सुनाई दे रहे हैं। हालांकि की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन इसके सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली और अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और वायरल ऑडियो की भी जांच कराई जा रही है।



