TrendingUttar Pradesh

UP T20 League: अजीत वर्मा और अभिनंदन सिंह चमके, लखनऊ फाल्कन्स ने डीएलएस से नोएडा किंग्स को 12 रन से हराया

लखनऊ। अजीत वर्मा के शानदार हरफनमौला प्रदर्शन व अभिनंदन सिंह की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी20 लीग सीजन4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS में नोएडा किंग्स को डकवर्थलुईसस्टर्न पद्धति से 12 रन से हराया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए दिन के पहले मैच की औपचारिक शुरुआत अवनीश अवस्थी ने पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की। 

इस अवसर पर अवनीश अवस्थी ने कहा कि यूपी टी20 लीग ने उत्तर प्रदेश में क्रिकेट को एक मजबूत मंच देने के साथ ही प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध कराया है। लीग की बढ़ती लोकप्रियता इस बात का संकेत है कि प्रदेश में क्रिकेट को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। यूपी टी20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग का उद्देश्य केवल प्रतिस्पर्धी क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे उत्तर प्रदेश में क्रिकेट के पूरे इकोसिस्टम को मजबूत करना है। 

मैच में लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने टॉस जीतकर नोएडा किंग्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने खुद गेंदबाजी की शुरुआत करते हुए मेडन ओवर डालकर नोएडा किंग्स पर शुरुआती दबाव बना दिया। वहीं तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह के आगे नोएडा का मध्यक्रम टिक नहीं सका। 

हालांकि, नोएडा किंग्स के सलामी बल्लेबाज शोएब सिद्दीकी ने धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों पर 48 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। इसके बाद लखनऊ के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाते हुए नोएडा के मध्यक्रम पर दबाव बना दिया और उसकी पारी लड़खड़ा गई।

लखनऊ फाल्कन्स से अभिनंदन सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 32 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। इस प्रदर्शन के साथ अभिनंदन लीग में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में फिर शीर्ष पर पहुंच गए। उनके नाम पांच मैचों में 13 विकेट हो गए और उन्होंने दोबारा पर्पल कैप हासिल कर ली। अजीत वर्मा ने भी दो विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया। एक समय नोएडा किंग्स का स्कोर 127 रन पर आठ विकेट था।

नोएडा किंग्स से  मध्यक्रम में बाएं हाथ के इस बल्लेबाज प्रशांत वीर ने एक छोर से आक्रामक रुख अपनाते हुए महज़ 30 गेंदों पर 4 चौकों और 5 गगनचुंबी छक्कों की मदद से नाबाद 59 रन की तेज तर्रार अर्धशतकीय पारी खेली। उनकी इस तूफानी पारी की बदौलत नोएडा किंग्स ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 156 रन का स्कोर खड़ा किया।

157 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स की शुरुआत बेहद खराब रही। तेज गेंदबाज नमन तिवारी ने नई गेंद से शुरुआती झटके देते हुए सलामी बल्लेबाज मोहम्मद सैफ और हिमांशु सिंह को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद प्रियम गर्ग रन आउट हो गए, जिससे लखनऊ का स्कोर 32 रन पर तीन विकेट हो गया।

ऐसे मुश्किल समय में अजीत वर्मा ने मोर्चा संभाला और विप्रज निगम के साथ मिलकर 61 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। गेंद से प्रभाव छोड़ने के बाद बल्ले से भी अजीत ने शानदार जिम्मेदारी निभाई और 43 गेंदों पर चार चौके व तीन छक्के से 59 रन की बेहतरीन पारी खेलकर लखनऊ की जीत की उम्मीदों को मजबूत किया।

लखनऊ की टीम लक्ष्य के करीब पहुंच चुकी थी और उसे अंतिम 15 गेंदों में जीत के लिए केवल 13 रन की जरूरत थी, तभी तेज बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। इसके बाद दोबारा मुकाबला शुरू नहीं हो सका और डीएलएस पद्धति के आधार पर लखनऊ फाल्कन्स को 12 रन से विजेता घोषित किया गया। इस जीत के साथ लखनऊ ने यूपी टी20 लीग सीजन4 में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply