TrendingUttar Pradesh

UP T20 League Season 4 : आखिरी गेंद पर पलटा मैच! यश गर्ग के चौके-छक्कों से मेरठ मावेरिक्स ने चैंपियन काशी रुद्रास को 1 विकेट से रौंदा

लखनऊ, अमृत विचार। यूपी टी20 लीग सीजन4 का आगाज ही रोमांच से भरपूर रहा। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए उद्घाटन मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स ने गत चैंपियन काशी रुद्रास को आखिरी गेंद पर एक विकेट से हराकर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की। मेरठ की जीत के हीरो रहे यश गर्ग, जिन्होंने पहले गेंद से कहर बरपाया और फिर बल्ले से आखिरी गेंद पर टीम को जीत दिलाई।

यश गर्ग ने गेंद से बरपाया कहर

टॉस जीतकर मेरठ मावेरिक्स ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। यश गर्ग ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए चार ओवर में महज 19 रन देकर चार विकेट झटके। जीशान अंसारी ने 19 रन देकर तीन और विशाल चौधरी ने 13 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

काशी रुद्रास की ओर से सलामी बल्लेबाज अभिषेक गोस्वामी ने 32 गेंदों पर 42 रन की पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। कप्तान करन शर्मा समेत शीर्ष क्रम के बल्लेबाज यश गर्ग की सटीक गेंदबाजी के सामने ज्यादा देर नहीं टिक सके। पूरी टीम 20 ओवर में 118 रन पर सिमट गई।

10 ओवर में 47 रन पर चार विकेट

119 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावेरिक्स की शुरुआत भी खराब रही। दूसरे ओवर में स्वस्तिक चिकारा का विकेट गिरने के बाद टीम लगातार दबाव में रही। 10 ओवर पूरे होने तक मेरठ का स्कोर चार विकेट पर सिर्फ 47 रन था। इसके बाद कप्तान रिंकू सिंह ने 21 गेंदों पर 28 रन और दिव्यांश राजपूत ने 24 गेंदों पर 26 रन बनाकर पांचवें विकेट के लिए 36 रन की अहम साझेदारी की। हालांकि काशी के गेंदबाजों ने लगातार विकेट चटकाकर मुकाबले में रोमांच बनाए रखा।

आखिरी तीन ओवर में 26 रन, फिर शुरू हुआ रोमांच

मेरठ को अंतिम तीन ओवर में जीत के लिए 26 रन की जरूरत थी। काशी के तेज गेंदबाज अटल बिहारी राय ने लगातार विकेट लेकर मेरठ की मुश्किलें बढ़ा दीं। उन्होंने चार विकेट हासिल किए और यूपी टी20 लीग के इतिहास में सर्वाधिक 54 विकेट लेने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

आखिरी ओवर में चाहिए थे 19 रन

मेरठ के नौ विकेट गिर चुके थे और अंतिम ओवर में जीत के लिए 19 रन चाहिए थे। ऐसे मुश्किल वक्त में यश गर्ग ने मोर्चा संभाला। उन्होंने ओवर की शुरुआत चौके और छक्के के साथ की। इसके बाद दो गेंदों पर सात रन की जरूरत थी और यश ने एक और छक्का जड़कर मुकाबले का रुख पलट दिया।

अंतिम गेंद पर एक रन लेकर उन्होंने मेरठ मावेरिक्स को एक विकेट से रोमांचक जीत दिला दी। यश गर्ग 14 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाकर लौटे। चार विकेट और नाबाद 26 रन के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए वह मैच के नायक रहे। इस जीत के साथ मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी20 लीग सीजन4 में धमाकेदार अंदाज में अपना खाता खोला।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply