IndiaTrendingUttar Pradesh

UP Weather : चार दिन और बरसेंगे बदरा! IMD का भारी बारिश-वज्रपात अलर्ट, इन जिलों में संभलकर निकलें

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में मानसून अभी राहत देने के मूड में नहीं है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले चार दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय मौसम केंद्र, लखनऊ ने कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है।

सीतापुर में 124.6 मिमी बारिश, गोरखपुर भी तरबतर

पिछले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 124.6 मिमी बारिश सीतापुर के भटपुरवाघाट में दर्ज की गई। गोरखपुर के बर्डघाट में 101.8 मिमी, सीतापुर के नैमिषारण्य में 85.6 मिमी, कन्नौज में 81.8 मिमी, मिर्जापुर तहसील में 77 मिमी और छिबरामऊ में 72.1 मिमी बारिश हुई। कानपुर नगर के अंकिनघाट में 68.2 मिमी, महराजगंज के निचलौल में 52.1 मिमी, गोरखपुर के बांसगांव में 52 मिमी और जौनपुर सीडब्ल्यूसी में 51.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

लखनऊ में भी खूब बरसे बदरा

राजधानी लखनऊ में अमौसी केंद्र पर 48.4 मिमी और केंद्रीय वेधशाला पर 36.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।प्रयागराज के मेजा में 41 मिमी, पीबीओ में 33.8 मिमी और कोरांव में 32 मिमी वर्षा हुई। बाराबंकी, बलरामपुर, चित्रकूट, आजमगढ़, गाजीपुर और संतकबीरनगर समेत कई अन्य जिलों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।

पश्चिमी यूपी में मुरादाबाद सबसे आगे

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 89.2 मिमी बारिश मुरादाबाद के बिलारी में दर्ज की गई। रामपुर के कस्बा टांडा में 50.9 मिमी, मुरादाबाद में 34.5 मिमी, इटावा में 34.2 मिमी, झांसी में 29.2 मिमी और संभल के चंदौसी में 24.5 मिमी बारिश हुई। जालौन के कोंच में 20 मिमी और उरई में 13.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

1617 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक 15 अगस्त को प्रदेश के दोनों हिस्सों में कहींकहीं भारी बारिश हो सकती है। 16 और 17 अगस्त को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। 18 अगस्त को भी बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

शनिवार से रविवार तक प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, चित्रकूट, बांदा, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, झांसी, ललितपुर और महोबा समेत आसपास के इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

कई जिलों में बिजली गिरने का खतरा

मौसम विभाग ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, बरेली, संभल, बदायूं, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात की संभावना जताई है।

जलभराव और अचानक बाढ़ का खतरा

मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज बारिश के कारण नदियों और जलाशयों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जबकि निचले इलाकों में जलभराव, कच्चे मकानों को नुकसान और सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका है। कुछ स्थानों पर आकस्मिक बाढ़ जैसी स्थिति भी बन सकती है। लोगों को नदियों, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply