
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने औद्योगिक विकास विभाग में कनिष्ठ सहायक के पदों पर भर्ती का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। शुक्रवार को जारी परिणाम में कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा के आधार पर 50 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। आयोग ने चयन प्रक्रिया में निर्धारित मेरिट, आरक्षण और अन्य नियमों का पालन किए जाने की जानकारी दी है।
आयोग के मुताबिक, शुरुआत में कनिष्ठ सहायक के 62 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। बाद में विभाग से प्राप्त संशोधित अधियाचन के आधार पर पदों की संख्या घटाकर 54 कर दी गई। संशोधित पदों के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी करते हुए 50 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से चयनित किया गया है।
34 अनारक्षित, सात ओबीसी और पांच ईडब्ल्यूएस
चयनित 50 अभ्यर्थियों में 34 अनारक्षित, सात अन्य पिछड़ा वर्ग , पांच आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग , तीन अनुसूचित जाति और एक अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थी शामिल हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि क्षैतिज आरक्षण के तहत उपलब्ध अभ्यर्थियों को उनकी मूल श्रेणी में समायोजित किया गया है। महिला, दिव्यांगजन समेत अन्य क्षैतिज आरक्षण प्रावधानों को भी नियमानुसार लागू किया गया।
कटऑफ भी जारी
आयोग ने चयन परिणाम के साथ श्रेणीवार कटऑफ भी जारी की है। अनारक्षित वर्ग की कटऑफ 65 अंक, ओबीसी की 62.50, ईडब्ल्यूएस की 63.75, एससी की 26.75 और एसटी की 50 अंक रही। दिव्यांगजन की एएसडी/एचएच/डीई/ओएच श्रेणी की कटऑफ 54.75 तथा अन्य दिव्यांगजन श्रेणी की 44.25 अंक रही। महिला अभ्यर्थियों की कटऑफ 42 अंक दर्ज की गई। आयोग ने बताया कि पांच अभ्यर्थियों को औपबंधिक रूप से शामिल किया गया है।
इनका अंतिम चयन आयोग के निर्णय के अधीन रहेगा। साथ ही अंतिम चयन परिणाम उच्च न्यायालय में लंबित संबंधित याचिकाओं में पारित होने वाले आदेशों के अधीन रहेगा। चयनित अभ्यर्थियों के नाम और श्रेणीवार कटऑफ आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
ये भी पढ़े :



