TrendingUttar Pradesh

UPTET Result 2026: 13 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी पास, फेल शिक्षकों के लिए भी बड़ा अपडेट; सरकार दे सकती है एक और मौका

प्रयागराज, अमृत विचार। यूपी टीईटी2026 का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म हो गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने यूपी टीईटी2026 का परिणाम जारी कर दिया। परीक्षा में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर को मिलाकर 13 लाख से अधिक अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। चयन परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अभ्यर्थियों द्वारा देखा जा सकता है।

प्राथमिक में 80.07 फीसदी अभ्यर्थी सफल

आयोग के आंकड़ों के मुताबिक प्राथमिक स्तर यानी कक्षा एक से पांच की परीक्षा में 7,13,648 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें 5,71,435 अभ्यर्थी सफल रहे। प्राथमिक स्तर का उत्तीर्ण प्रतिशत 80.07 फीसदी रहा। वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा छह से आठ की परीक्षा में 10,57,021 अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें 7,59,513 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की। इस स्तर पर उत्तीर्ण प्रतिशत 71.85 फीसदी रहा।

नौकरी बचाने वाले 2.06 लाख शिक्षक पास

यूपी टीईटी में अपनी नौकरी बचाने के लिए परीक्षा में शामिल हुए 2,68,799 कार्यरत शिक्षकों में से 2,06,771 शिक्षक सफल हुए। वहीं, 62,028 शिक्षक परीक्षा में सफल नहीं हो सके। सरकार ऐसे शिक्षकों को एक और मौका देने की तैयारी कर रही है। इसके लिए विशेष टीईटी परीक्षा आयोजित किए जाने की संभावना है।

प्राथमिक में 93,387 शिक्षक सफल

प्राथमिक स्तर की परीक्षा में शामिल 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों में से 93,387 शिक्षक पास हुए। इनका सफलता प्रतिशत 76.29 फीसदी रहा। उच्च प्राथमिक स्तर पर 1,46,394 कार्यरत शिक्षकों ने परीक्षा दी थी, जिनमें 1,13,384 शिक्षक सफल घोषित किए गए। इस वर्ग का सफलता प्रतिशत 77.45 फीसदी रहा।

60 जिलों में 955 केंद्रों पर हुई थी परीक्षा

यूपी टीईटी2026 का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई को प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा कुल पांच पालियों में हुई। इनमें दो पालियां प्राथमिक और तीन पालियां उच्च प्राथमिक स्तर के लिए आयोजित की गई थीं। परीक्षा के लिए कुल 19,94,661 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था।

नॉर्मलाइजेशन के आधार पर तैयार हुआ रिजल्ट

आयोग के उप सचिव मनोज कुमार ने बताया कि परीक्षा कई पालियों में आयोजित होने और अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए अलगअलग पालियों के प्रश्नपत्रों के कठिनाई स्तर में अंतर को बराबर करने के लिए नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया अपनाई गई। इसी प्रक्रिया के आधार पर अभ्यर्थियों के अंकों को समान स्तर पर लाकर अंतिम परिणाम तैयार किया गया है।

वेबसाइट पर रिजल्ट और स्कोरकार्ड उपलब्ध

अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट, स्कोरकार्ड और कटऑफ देख सकते हैं। आयोग ने तकनीकी सहायता और अन्य जानकारी के लिए हेल्पलाइन एवं ईमेल की सुविधा भी उपलब्ध कराई है।

फेल शिक्षकों के लिए राहत की उम्मीद

यूपी टीईटी में असफल रहे कार्यरत शिक्षकों के लिए सरकार विशेष टीईटी कराने की तैयारी में है। इसमें उन्हें परीक्षा पास करने का एक और अवसर मिल सकता है। विशेष परीक्षा का नोटिफिकेशन सितंबर में जारी होने की उम्मीद है।

CTET का भी मौका, 6 सितंबर को परीक्षा

इस बीच केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी CTET की तारीख में भी बदलाव किया गया है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अब सीटेट परीक्षा 6 सितंबर को आयोजित करेगा। यूपी टीईटी में असफल रहे कार्यरत शिक्षक भी इसमें शामिल हो सकते हैं। सीटेट पास करने पर उन्हें अपनी नौकरी बचाने का विकल्प मिल सकता है। सीटेट के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 1 सितंबर निर्धारित की गई है।

ः 

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply