IndiaTrendingUttar Pradesh

हरदोई में SDM पर गांववालों ने किया हमला, पथराव में सिर फटा… पांच टांके लगे

Hardoi news: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के परियल गांव में उपजिलाधिकारी पर गांववालों ने हमला कर दिया. परियल गांव में एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा राशन दुकान और बाढ़ राहत कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे थे. पथराव की इस घटना में एसडीएम गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचा है. घटना के बाद प्रशासन ने गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है.

हरदोई में SDM पर गांववालों ने किया हमला, पथराव में सिर फटा… पांच टांके लगे
हरदोई में SDM पर गांववालों ने किया हमला, पथराव में सिर फटा… पांच टांके लगे

एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा सोमवार को गर्रा नदी क्षेत्र में बाढ़ राहत और बचाव कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे थे. निरीक्षण के बाद जब वह परियल गांव से होकर लौट रहे थे, तब उन्होंने गांव में संचालित अन्नपूर्णा राशन दुकान का औचक निरीक्षण किया. जांच के दौरान अधिकारियों को कुछ अनियमितताएं मिलीं. आरोप है कि एक स्थान पर राशन वितरण केंद्र के साथसाथ अवैध रूप से परचून की दुकान भी संचालित की जा रही थी.

निरीक्षण के दौरान मौजूद उदयवीर नामक व्यक्ति से अधिकारियों की कहासुनी हो गई. प्रशासनिक अधिकारियों का आरोप है कि उदयवीर ने अभद्र व्यवहार किया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों ने उसे हिरासत में लेने की कोशिश की. इसी दौरान उसने फोन कर अपने समर्थकों और ग्रामीणों को मौके पर बुला लिया.

लाठीडंडे से बोला हमला

बताया जा रहा है कि जैसे ही एसडीएम का काफिला गांव से बाहर निकलने लगा, बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठीडंडों और पत्थरों के साथ वहां पहुंच गए. भीड़ ने सरकारी वाहन को घेर लिया और उस पर पथराव शुरू कर दिया. इस दौरान एक पत्थर एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा के सिर में जा लगा, जिससे उन्हें करीब ढाई सेंटीमीटर गहरा घाव हो गया. डॉक्टरों के मुताबिक चोट के कारण उनके सिर में पांच टांके लगाने पड़े.

घटना के तुरंत बाद घायल एसडीएम को शाहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया. इलाज के बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

पुलिस ने दर्ज की FIR

डीएम अनुनय झा ने बताया कि घटना को बेहद गंभीरता से लिया गया है. मामले में आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज की जा रही है और उनकी पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के नेतृत्व में गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. प्रशासन का कहना है कि फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply