
लखनऊ, अमृत विचार। भाजपा के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त प्रभारी विनोद तावड़े ने शनिवार को समाजवादी पार्टी के पीडीए फॉर्मूले पर निशाना साधा। भाजपा का उत्तर प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचे तावड़े ने सपा के पीडीए का नया अर्थ बताते हुए कहा कि इसका मतलब ‘पराया, धन, अपना’ है।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान तावड़े ने कहा कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे और जीत हासिल करेंगे।
तावड़े ने कहा, “उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने के बाद फिर से अगले पांच साल यहां की जनता की सेवा के लिए अपने आपको समर्पित करेंगे। इसके लिए हम सब वचनबद्ध हैं।” सपा के पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक फॉर्मूले पर हमला बोलते हुए भाजपा नेता ने कहा कि राजग सपा के इस फॉर्मूले को नाकाम करेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “सपा के पीडीए का मतलब है पराया, धन, अपना। यह राजग कतई नहीं करने देगा।”
प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचे तावड़े
भाजपा के उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और सह प्रभारी जगदीश पटेल शनिवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पहुंचे। यहां प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने दोनों नेताओं का स्वागत और अभिनंदन किया। भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। तावड़े का यह दौरा भी इसी चुनावी रणनीति और संगठन को मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
ः



