शिलांग: मेघालय में हिंसा और आगजनी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान शिलांग समेत राज्य के कई इलाकों में उपद्रवियों ने सरकारी संपत्तियों को निशाना बनाया। पुलिस चौकी और सरकारी कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके गए, जबकि रीभोई जिले में कई सरकारी वाहन और एक मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि इन ताजा घटनाओं में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

शिलांग के नोंगमेंसोंग इलाके में पुलिस चौकी के परिसर में पेट्रोल बम फेंका गया। वहीं, रीभोई जिले में जल संसाधन विभाग के परिसर में खड़े सरकारी वाहनों और एक मोटरसाइकिल को आग लगा दी गई। दक्षिण पश्चिम खासी हिल्स में भी एक सरकारी कार्यालय को पेट्रोल बम से निशाना बनाने की घटना सामने आई है।
इन घटनाओं के बाद राज्य में तनाव और बढ़ गया है। हालिया हिंसा के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस उपद्रवियों की पहचान के लिए जांच में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार, कानूनव्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती भी बढ़ाई गई है।


