TrendingUttar Pradesh

वेलनेस सिटीः 10 एकड़ से अधिक भूमि देने वालों को ग्रीन कॉरिडोर के पास मिलेंगे भूखण्ड

लखनऊ, अमृत विचार : एलडीए की वेलनेस सिटी योजना में लैंड पूलिंग के माध्यम से 10 एकड़ से अधिक भूमि देने वाले काश्तकारों को ग्रीन कॉरिडोर के पास बेहद प्राइम लोकेशन पर भूखण्ड आवंटित किये जाएंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गुरूवार को योजना का निरीक्षण करके ग्रीन कॉरिडोर के पास की भूमि को इसके लिए आरक्षित करने के निर्देश दिये हैं। 

उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि सुलतानपुर रोड व किसान पथ के मध्य 485 हेक्टेयर क्षेत्रफल में वेलनेस सिटी योजना विकसित की जा रही है। जिसके लिए ग्रामबक्कास, मलूकपुर ढ़कवा, चौरहिया, चौरासी, दुलारमऊ, नूरपुर बेहटा तथा मस्तेमऊ की भूमि चिन्हित है। वेलनेस सिटी को मेडी सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। जहां सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, मेडिकल कॉलेज, डायग्नोस्टिक सेंटर के साथ विपासना केन्द्र व मेडिटेशन सेंटर आदि होंगे। 

 उन्होंने बताया कि वर्तमान में लैंड पूलिंग के माध्यम से भूमि जुटाव का कार्य किया जा रहा है। अभी तक लगभग 200 हेक्टेयर भूमि के लैंड पूलिंग के प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जोकि योजना के लिए काफी सकारात्मक है। प्रथम चरण में लॉटरी के माध्यम से काश्तकारों को 125 विकसित भूखण्ड आवंटित किये जा चुके हैं। अगले महीने पुनः लॉटरी के माध्यम से लगभग 200 भूखण्ड आवंटित किये जाएंगे। उपाध्यक्ष ने बताया कि लैंड पूलिंग नीति के तहत योजना के लिए 10 एकड़ अथवा उससे अधिक भूमि देने वाले किसानों को 50 प्रतिशत अविकसित भूखण्ड ग्रीन कॉरिडोर के पास आवंटित किये जाएंगे। इसमें भूखण्ड के आसपास वाह्य विकास का पूरा कार्य एलडीए द्वारा कराया जाएगा। 

आकार लेने लगा 6.5 किलोमीटर लंबा ग्रीन कॉरिडोर 

उपाध्यक्ष ने बताया कि वेलनेस सिटी के 4 मुख्य मार्गों को निर्माणाधीन ग्रीन कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा। शहीद पथ से किसान पथ के मध्य 6.5 किलोमीटर लंबा व 24 मीटर चौड़ा ग्रीन कॉरिडोर अब आकार लेने लगा है। उन्होंने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से महज 0.5 किलोमीटर की दूरी पर प्रस्तावित वेलनेस सिटी में ट्रैफिक निर्बाद्ध रूप से संचालित हो, इसके लिए योजना में 60 मीटर से 24 मीटर चौड़ी सड़कें विकसित की जा रही हैं। 

सीजी सिटी में तैयार हो रहा कार्निवल 365 

सीजी सिटी योजना में अर्बन वेट लैंड के पास निर्मित फुटओवर ब्रिज एरिया में कार्निवल 365 विकसित किया जा रहा है। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने परियोजना का निरीक्षण करके 02 माह में स्थल संचालित करने के निर्देश दिये हैं। यहां 10 फूड कियॉस्क, बच्चों के लिए इनडोर एवं आउटडोर गेम्स, झूले आदि की सुविधा होगी। साथ ही वेट लैंड में आने वाले प्रवासी पक्षियों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए इंटरप्रिटेशन सेंटर विकसित किया जा रहा है। 

 40 करोड़ से बन रहा 1500 मीटर लंबा नाला

सीजी सिटी में लगभग 40 करोड़ रूपये की लागत से 1500 मीटर लंबा बॉक्स ड्रेन नाला निर्मित किया जा रहा है। इससे सीजी सिटी व आसपास विकसित 10 से अधिक निजी टाउनशिप के वर्षा जल निकासी की व्यवस्था सुदृढ़ होगी। उपाध्यक्ष ने परियोजना का निरीक्षण करके एलाइनमेंट को और बेहतर करने के निर्देश दिये। निरीक्षण में मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, एसडीएम संगीता राघव, जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार एवं मनोज सागर समेत अन्य लोेग उपस्थित रहे।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply