एनालॉग पनीर डेयरी का एक सिंथेटिक या कृत्रिम ऑप्शन है. ये देखने में बिल्कुल दूध से बने पनीर जैसा लगता है. इसका टेक्स्चर भी छूने में असली पनीर जैसा ही होता है, लेकिन ये आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है. दरअसल इस पनीर की शेल्फ लाइफ अच्छी होने और कीमत कम होने की वजह से इसका इस्तेमाल कई बार होटल और वेंडर्स करते हैं. स्वास्थ सुरक्षा कारणों से कई राज्यों में इसकी बिक्री या गलत लेबलिंग पर बैन भी है, लेकिन इसके बावजूद ये पनीर चोरीछुपे मार्केट में बिकता है.

एनालॉग पनीर को बनाने में दूध का इस्तेमाल नहीं किया जाता है या फिर बहुत ही कम मात्रा में करते हैं. इसी वजह से इसमें प्रोटीन समेत बाकी पोषक तत्वों की कमी हो सकती है और फैटा ज्यादा होता है. चलिए जान लेते हैं कि इस पनीर को लोग किस तरह से तैयार करते हैं. क्या और क्यों इससे नुकसान होता है.
एनालॉग पनीर में क्या मिलाते हैं?
एनालॉग पनीर को लेकर कई तरह की जानकारियां सामने आती हैं. मुख्य रूप से इसमें फैट के लिए सस्ते वनस्पति तेलों का इस्तेमाल किया जाता है. खासकर पाम ऑयल यूज होता है. इसे सफेद रंग देने के लिए स्टार्च का इस्तेमाल होता है जो इसे बनावट भी देता है. इसके अलावा इसमें स्वाद एड करने के लिए कभीकभी थोड़ी मात्रा में मिल्क पाउडर भी मिलाते हैं. मल्सिफायर और स्टेबलाइजर का इस्तेमाल पनीर को चिकना टेक्सचर देने के लिए किया जाता है. प्रोटीन या अन्य न्यूट्रिएंट्स के लिए दूसरे सोर्स इसमें एड किए जाते हैं.
कैसे बनता है ये पनीर?
एनालॉग पनीर को बनाने के लिए ऑयल, मिल्क पाउडर और पानी को साथ मिलकर अच्छी तरह फेंटकर घोल तैयार करते हैं और फिर इसके बाद इसे गर्म करते हैं और स्टार्च, इमल्सिफायर मिलाते हैं. निश्चित तापमान पर घोल को गर्म करने के बाद इसमें साइट्रेकि एसिड जैसी चीजें डालकर दूध की तरह फाड़ा जाता है और फिर मिश्रण को प्रेस करने के बाद पनीर की तरह तैयार कर लिया जाता है.
Image:Getty
मार्केट में अक्सर ये पनीर सस्ता होता है. पहचान की बात करें तो असली पनीर सॉफ्ट होता है और मसलने पर ये पहले दानेदार बाद में चिकना हो जाता है. एनलॉग पनीर रबड़ जैसा खिंच सकता है और देखने में ज्यादा चिकना, चमकदार हो सकता है. आप आयोडीन टिंचर डालकर पहचान कर सकते हैं. अगर पनीर का रंग बदल जाए जैसे काल, भूरा, नीला या बैंगनी दिखे तो ये मिलावटी है.
क्या हो सकता है नुकसान?
एनालॉग पनीर में फैट और स्टार्च होता है, इसलिए इसका ज्यादा सेवन मोटापे की वजह बन सकता है. इसमें मौजूद अनहेल्दी फैट दिल को नुकसान पहुंचाता है. इसके अलावा ये आपकी आंतों और लिवर के लिए भी सही नहीं रहता है और पाचन से जुड़ी दिक्कतें हो सकती हैं.



