India

​‘ऑर्वेलियन डिस्टोपिया’ क्या है, इलाहाबाद HC ने नोएडा DM के लिए इस शब्द का इस्तेमाल क्यों किया?

ऑर्वेलियन डिस्टोपिया शब्द आजकल सुर्खियों में है. इन दोनों शब्दों का इस्तेमाल इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अपने एक आदेश में करते हुए नोएडा की जिलाधिकारी मेधा रूपम की कार्यप्रणाली पर तीखी टिप्पणी की है. अदालत ने एक्टिविस्ट आकृति चौधरी के खिलाफ की गयी प्रशासनिक कार्रवाई को रद कर दिया है. आदेश पब्लिक होने के बाद से ही कानून के गलियारे में ऑर्वेलियन डिस्टोपिया शब्दों की चर्चा तेज हो गयी है.

​‘ऑर्वेलियन डिस्टोपिया’ क्या है, इलाहाबाद HC ने नोएडा DM के लिए इस शब्द का इस्तेमाल क्यों किया?

आइए, हाईकोर्ट के इस ताजे आदेश के बहाने समझते हैं कि आखिर क्या है ऑर्वेलियन डिस्टोपिया और क्या है इसका मतलब? क्यों की इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इतनी तीखी टिप्पणी? किस किताब से लिया गया है यह शब्द, कौन हैं इसके लेखक?

ऑर्वेलियन डिस्टोपिया क्या है?

ऑर्वेलियन डिस्टोपिया एक ऐसी डरावनी सामाजिक और राजनीतिक स्थिति को कहा जाता है, जहां सरकार या सत्ता लोगों के जीवन पर बहुत ज्यादा नियंत्रण रखने लगती है. वहां नागरिकों की आजादी सीमित हो जाती है. लोगों पर निगरानी रखी जाती है. असहमति को दबाया जाता है. सच को तोड़ामरोड़ा जाता है. डर का माहौल बनाया जा सकता है. यह ऐसी चेतावनी है, जहां सरकार लोगों को केवल कानून से नहीं, बल्कि निगरानी, प्रचार, धमकी और दमन के जरिए नियंत्रित करने लगे. यह शब्द किसी वास्तविक देश का नाम नहीं है. यह एक साहित्यिक विचार है. लेकिन आज इसका प्रयोग तब किया जाता है, जब किसी शासन या संस्था पर जरूरत से ज्यादा निगरानी, दमन या मनमानी का आरोप लगे.

नोएडा डीएम के खिलाफ हाई कोर्ट का फैसला.

डिस्टोपिया का शाब्दिक अर्थ क्या है?

डिस्टोपिया का मतलब एक ऐसे काल्पनिक समाज से है, जो ऊपर से व्यवस्थित दिख सकता है, लेकिन वहां लोगों का जीवन डर, नियंत्रण और अधिकारों की कमी से भरा होता है. इसके उलट यूटोपिया का अर्थ आदर्श समाज होता है. डिस्टोपिया को उसका उलटा माना जाता है. डिस्टोपियन व्यवस्था में आमतौर पर कुछ बातें देखने को मिलती हैं.

  • सरकार या सत्ता का बहुत अधिक नियंत्रण.
  • नागरिकों की निजता खत्म होना.
  • हर समय निगरानी का डर.
  • विरोध करने वालों को सजा या दबाव.
  • मीडिया और सूचना पर नियंत्रण.
  • सच की जगह सरकारी कहानी को आगे बढ़ाना.
  • लोगों को डराकर चुप कराना.

जब किसी जगह के लिए ऑर्वेलियन डिस्टोपिया कहा जाता है, तो यह बहुत गंभीर आलोचना मानी जाती है.

ऑर्वेलियन शब्द अंग्रेजी लेखक जार्ज ऑर्वेल के प्रसिद्ध उपन्यास 1984 से जुड़ा है.

यह शब्द किस किताब से आया है?

ऑर्वेलियन शब्द अंग्रेजी लेखक जार्ज ऑर्वेल के प्रसिद्ध उपन्यास 1984 से जुड़ा है. बिहार राज्य के मोतिहारी में जन्मे जार्ज का यह उपन्यास वर्ष 1949 में प्रकाशित हुआ था. इसमें एक काल्पनिक देश की कहानी है. वहां सत्ता का चेहरा बिग ब्रदर नाम की व्यवस्था से जुड़ा है. बिग ब्रदर हर जगह मौजूद दिखता है. लोग हमेशा इस डर में रहते हैं कि सरकार उन्हें देख रही है. किताब में घरों और सार्वजनिक जगहों पर स्क्रीन के जरिए निगरानी दिखाई गई है. सरकार लोगों के शब्दों, सोच और यादों तक को नियंत्रित करना चाहती है. वहां सच को बदल देना भी सत्ता का एक हथियार है. इसी किताब से बिग ब्रदर इज वाचिंग यू जैसी प्रसिद्ध चेतावनी जुड़ी है. इसका आसान मतलब है कि सत्ता हर व्यक्ति पर नजर रख रही है.

जॉर्ज ऑर्वेल कौन थे?

जॉर्ज ऑर्वेल एक अंग्रेजी लेखक और पत्रकार थे. उनका असली नाम एरिक आर्थर ब्लेयर था. उनका जन्म ब्रिटिश भारत में बिहार के मोतिहारी में 25 जून 1903 को हुआ था. उन्होंने सत्ता, गरीबी, युद्ध, राजनीति और स्वतंत्रता जैसे विषयों पर लिखा. उनकी रचनाओं में आम लोगों की आजादी और सत्ता के दुरुपयोग की चिंता दिखती है. उनकी दो सबसे चर्चित किताबें एनिमल फार्म और 1984 हैं. एनिमल फार्म एक व्यंग्यात्मक उपन्यास है. इसमें जानवरों के जरिए सत्ता और क्रांति की कहानी कही गई है. 1984 में निगरानी और तानाशाही वाली व्यवस्था का चित्रण है. आज ऑर्वेलियन शब्द केवल साहित्य तक सीमित नहीं है. इसका उपयोग राजनीति, मीडिया, तकनीक, कानून और नागरिक अधिकारों की बहस में भी होता है.

इलाहाबाद हाईकोर्ट

किस मामले में की इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यह तीखी टिप्पणी?

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दिल्ली विश्वविद्यालय से जुड़ी छात्रा और एक्टिविस्ट आकृति चौधरी की एनएसए के तहत हिरासत रद्द करते हुए प्रशासन की कार्रवाई पर कड़ी टिप्पणी की. मामला नोएडा में मजदूरों के विरोधप्रदर्शन से जुड़ा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अदालत ने कहा कि एनएसए के तहत हिरासत का आदेश पर्याप्त ठोस सामग्री के आधार पर नहीं था. अदालत ने प्रशासनिक प्रक्रिया और दस्तावेजों की जांच पर भी सवाल उठाए. हाईकोर्ट ने यह भी कहा कि कठोर कानूनों का उपयोग बहुत सावधानी से होना चाहिए. पीठ में जस्टिस अतुल श्रीधरन और जस्टिस अचल सचदेव शामिल थे. अदालत ने नागरिक स्वतंत्रता और संविधान के अनुच्छेद 21 का महत्व रेखांकित किया. अनुच्छेद 21 जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता की सुरक्षा से जुड़ा है. अदालत ने आकृति चौधरी को पांच लाख रुपये की मुआवजा राशि जिम्मेदार अधिकारियों के वेतन से वसूलने का निर्देश दिया.

हाईकोर्ट ने ऑर्वेलियन डिस्टोपिया क्यों कहा?

अदालत की टिप्पणी का मूल संदेश यह था कि अफसरों के पास बड़ी शक्तियां होती हैं. इसलिए उनसे बड़ी जिम्मेदारी की भी उम्मीद की जाती है. अगर अधिकारी बिना पर्याप्त आधार के किसी नागरिक की आजादी छीनने लगे, तो लोकतंत्र कमजोर हो सकता है. हाईकोर्ट ने चेतावनी दी कि यदि नौकरशाही का मनमाना या तानाशाही रवैया यूं ही जारी रहा, तो उत्तर प्रदेश एक ऑर्वेलियन डिस्टोपिया जैसी स्थिति में जा सकता है. इसका मतलब यह नहीं था कि राज्य वैसा बन ही चुका है. यह एक चेतावनी थी. अदालत का संकेत है कि कानून का इस्तेमाल नागरिकों को डराने के लिए नहीं होना चाहिए. खासकर तब, जब मामला प्रदर्शन, असहमति या अपनी मांग रखने से जुड़ा हो. अदालत ने यह भी रेखांकित किया कि प्रशासन की निष्ठा संविधान के प्रति होनी चाहिए. अधिकारी किसी राजनीतिक दबाव या व्यक्तिगत सोच के आधार पर काम नहीं कर सकते. लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और अधिकारी जनता की सेवा के लिए होते हैं.

NSA क्या है और चिंता क्यों उठी?

NSA का पूरा नाम नेशनल सिक्योरिटी एक्ट, 1980 है. यह एक निरोधात्मक हिरासत कानून है. इसके तहत कुछ परिस्थितियों में किसी व्यक्ति को भविष्य में संभावित खतरे की आशंका के आधार पर हिरासत में लिया जा सकता है. लेकिन इस तरह की शक्ति बहुत असाधारण मानी जाती है. क्योंकि इसमें व्यक्ति की स्वतंत्रता सीधे प्रभावित होती है. इसलिए प्रशासन को स्पष्ट, ठोस और विश्वसनीय आधार दिखाना जरूरी होता है. हाईकोर्ट ने इसी बात पर जोर दिया.

अदालत के अनुसार एनएसए को सामान्य आपराधिक कानून के विकल्प की तरह नहीं इस्तेमाल किया जा सकता. केवल अंदाज, आरोप या राय किसी व्यक्ति को लंबे समय तक हिरासत में रखने के लिए पर्याप्त नहीं हो सकते. इस मामले में राज्य सरकार पर यह आरोप था कि उसने आकृति चौधरी के खिलाफ हिंसा भड़काने से जुड़े आरोप लगाए. लेकिन अदालत को उपलब्ध रिकॉर्ड में उस आरोप के समर्थन में पर्याप्त ठोस सामग्री नहीं मिली.

अदालत की इस टिप्पणी के क्या हैं मायने?

सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट अश्विनी कुमार दुबे कहते हैं कि यह मामला केवल एक व्यक्ति की हिरासत तक सीमित नहीं है. इसमें नागरिक अधिकारों, शांतिपूर्ण विरोध और प्रशासनिक जवाबदेही का सवाल भी शामिल है. लोकतंत्र में लोगों को अपनी बात रखने, शांतिपूर्वक इकट्ठा होने और नीतियों की आलोचना करने का अधिकार है. इन अधिकारों पर अनुचित रोक लगाई जाए तो जनता और शासन के बीच भरोसा कम हो सकता है. अदालत की ऑर्वेलियन डिस्टोपिया वाली टिप्पणी इसी चिंता को सामने लाती है. यह सत्ता को याद दिलाती है कि सुरक्षा और स्वतंत्रता के बीच संतुलन जरूरी है. कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है. लेकिन नागरिकों की गरिमा और स्वतंत्रता की रक्षा करना भी उतना ही जरूरी है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply