CrimeIndiaMadhya PradeshTrending

​​​​इंदौर घूमने आई जर्मन महिला से सिक्योरिटी गार्ड की अश्लील हरकत, विरोध में चिल्लाई तो भागा आरोपी; ऐसे पकड़ा गया

मध्य प्रदेश के इंदौर से विदेशी महिला के साथ छेड़छाड़ का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जर्मनी के बर्लिन से आई एक महिला शहर घूमने पहुंची थी, लेकिन गांधी हॉल में उसके साथ सिक्योरिटी गार्ड ने कथित तौर पर अश्लील हरकत कर दी। महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी वहां से भाग निकला।

बताया जा रहा है कि जर्मन महिला गांधी हॉल की इमारत और वहां लगी प्रदर्शनी की तस्वीरें खींच रही थी। इसी दौरान वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड उसके पास पहुंचा और कथित तौर पर उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। अचानक हुई इस हरकत से महिला घबरा गई और उसने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया।

महिला हिंदी नहीं बोल पाती थी, इसलिए उसने आसपास मौजूद लोगों को आरोपी की पहचान बताने के लिए उसकी यूनिफॉर्म और सीटी वाले कार्ड की ओर इशारा किया। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

जांच के दौरान पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड दीपक को पकड़ लिया। जब पुलिस आरोपी को महिला के सामने लेकर पहुंची तो उसने उसे पहचान लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी मूल रूप से नसरुल्लागंज का रहने वाला है और करीब एक महीने पहले ही इंदौर की एक सिक्योरिटी कंपनी में काम करने आया था।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे जेल भेज दिया। वहीं, पीड़ित महिला को पुलिस ने सुरक्षित होटल पहुंचाया। बताया गया कि वह कुछ समय पहले दिल्ली आई थी और एक जर्मन डेवलपमेंट कंपनी के साथ काम कर रही थी। इंदौर आने के बाद वह विजय नगर इलाके के एक होटल में ठहरी थी।

घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। एक विदेशी पर्यटक के साथ सार्वजनिक स्थल पर कथित छेड़छाड़ की घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply