गोरखपुर में 12 साल के छात्र आर्यवर्धन सिंह की मौत के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को हादसा नहीं, बल्कि हत्या बताते हुए समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों पर आरोप लगाए थे. इसके जवाब में अखिलेश यादव ने CCTV फुटेज का हवाला देकर मुख्यमंत्री पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने आरोप लगाया कि CCTV वीडियो से मुख्यमंत्री के दावे का भंडाफोड़ होने के बाद अब वह PDA कार्यकर्ताओं के घरपरिवार को परेशान कर रहे हैं.

अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री की राजनीतिक स्थिति, बीजेपी के अंदरूनी हालात, कानूनव्यवस्था, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और धार्मिक मुद्दों को लेकर भी कई आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री अब दोतीन महीने के मेहमान हैं और चुनाव में हारकर सत्ता से हटने वाले हैं. अपने दूसरे बयान में उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर, काशी, मणिकर्णिका घाट और महाकुंभ से जुड़े विवादों का जिक्र करते हुए भी योगी सरकार को घेरा.
क्या है गोरखपुर हादसा?
दरअसल, गोरखपुर में अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा के दौरान एक हादसे में 14 साल के छात्र आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई थी. आर्यवर्धन स्थानीय बीजेपी नेता ओंकार सिंह का बेटा था. वह दसवीं कक्षा में पढ़ता था और अपनी बहन को स्कूल से लेने जा रहा था. इसी दौरान वह JCB की चपेट में आ गया. परिवार का आरोप है कि JCB की टक्कर लगने के बाद बच्चे के ऊपर वाहन चढ़ गया, जिससे उसकी मौत हो गई.
हादसे के बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने गोरखपुरदेवरिया रोड पर जाम लगा दिया था. उनकी मांग थी कि बच्चे की मौत के लिए जिम्मेदार JCB चालक और मशीन का इंतजाम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. पुलिस ने घटना में शामिल JCB को जब्त कर लिया. पुलिस के मुताबिक, मशीन के मालिक और ऑपरेटरों की तलाश की जा रही है. आर्यवर्धन के पिता ओंकार सिंह की शिकायत पर एम्स थाने में 66 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई.
CM योगी ने कहा हादसा नहीं, हत्या है
बच्चे की मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोला था. उन्होंने कहा था कि सपा से जुड़े गुंडों ने एक नाबालिग बच्चे को कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. मुख्यमंत्री ने इसे हादसा नहीं, बल्कि हत्या बताया और कहा कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी, जिसे उनकी पीढ़ियां याद रखेंगी. गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बीजेपी सांसद रवि किशन के साथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे.
परिवार से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि बच्चे का परिवार चौरीचौरा की ऐतिहासिक घटना से जुड़े स्वतंत्रता सेनानी परिवार से है. मुख्यमंत्री ने कहा कि चौरीचौरा कांड के बाद 172 क्रांतिकारियों को फांसी की सजा सुनाई गई थी. पंडित मदन मोहन मालवीय के प्रयासों से उनकी सजा आजीवन कारावास में बदली गई थी. पीड़ित परिवार के बुजुर्ग भी उन क्रांतिकारियों में शामिल थे. CM योगी ने कहा कि ऐसे स्वतंत्रता सेनानी परिवार के बच्चे के साथ हुई घटना अक्षम्य है. उन्होंने प्रशासन को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और हर स्तर पर जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए.
बच्चे की मां ने अखिलेश को ठहराया जिम्मेदार
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान आर्यवर्धन की मां ने रोते हुए न्याय की मांग की थी. उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अब वह क्या करें. उनका बच्चा चला गया. उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उनके परिवार के साथ ऐसा होगा. मां ने कहा कि उनका बेटा सड़क पर पड़ा था, लेकिन उसे किसी ने उठाकर अस्पताल नहीं पहुंचाया. अगर उसे समय पर अस्पताल ले जाया जाता और इलाज मिलता तो शायद उसकी जान बच सकती थी. उन्होंने रैली और सड़क पर लगे जाम को लेकर भी नाराजगी जताई.
उनका कहना था कि अगर पहले से जानकारी दे दी जाती कि अखिलेश यादव की रैली है तो स्कूलों में छुट्टी हो जाती और उनका बेटा जाम में नहीं फंसता. मृतक की मां ने बेटे की मौत के लिए अखिलेश यादव को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की. पिता ओंकार सिंह ने भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है और अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए हैं.
अखिलेश ने CCTV वीडियो जारी कर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री के आरोपों के बाद अखिलेश यादव ने CCTV फुटेज जारी किया था. उन्होंने कहा था कि वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां न कोई रोड शो था और न ही रैली. अखिलेश ने मुख्यमंत्री पर बिना सबूत आरोप लगाने का आरोप लगाते हुए हादसे की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की थी. अखिलेश ने कहा था कि किसी मासूम की मौत से सभी आहत हैं और पार्टी के लोगों को पीड़ित परिवार से मिलकर हरसंभव मदद करने के लिए कहा गया है. उन्होंने यह भी कहा था कि हादसे पर राजनीति करने से मृतक के शोकाकुल परिवार के साथ अन्याय हो रहा है. बच्चे को खोने का दुख उसके परिजन ही समझ सकते हैं.
अखिलेश बोले CCTV से झूठ का भंडाफोड़ हुआ तो बौखला गए योगी
CCTV फुटेज के बाद अखिलेश यादव ने अपने अगले पोस्ट में मुख्यमंत्री पर सीधे हमला बोला. उन्होंने लिखा, ‘जब गोरखपुर में एक्सीडेंट में मारे गए एक बच्चे के संबंध में उप्र के मुख्यमंत्री द्वारा फैलाये गए झूठ का भंडाफोड़ CCTV के वीडियो से हो गया है तो अब वो बौखला गए हैं और पूरी दुनिया में बदनाम होने की हताशा से अब हमारे PDA कार्यकर्ताओं के घरपरिवार को परेशान कर रहे हैं.’ अखिलेश ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इस कथित जुल्म और नाइंसाफी से डरें नहीं. उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री अब दोतीन महीने के मेहमान हैं और चुनाव में बुरी तरह हारकर हमेशा के लिए हटने वाले हैं. अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री की शक्ति अब कुछ ही दिनों की बची है और इसी वजह से वह हताशा में कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न पर उतर आए हैं.
दिल्ली में हाजिरी से लेकर बीजेपी के अंदरूनी विवाद तक का जिक्र
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री की राजनीतिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी कमजोर स्थिति आज तक किसी मुख्यमंत्री की नहीं हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के नेता उन्हें अपने दरबार में बुलाकर हाजिरी लगवा रहे हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि मुख्यमंत्री के अपने शहर के और उन्हीं की पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को अलग दल बनाने की साजिश करने की बात कहकर उन्हें धमका रहे हैं.
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश संगठन मुख्यमंत्री की बनाई प्रत्याशियों की सूची को फर्जी बताने के लिए उनसे ‘नकारपत्र’ पर जबरदस्ती हस्ताक्षर करवा रहा है. उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के साथ उनकी अपनी पार्टी के 10 विधायक भी नहीं हैं. अखिलेश ने नौकरशाही और पुलिस महकमे को लेकर भी आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि कुछ गिनेचुने सजातीय अधिकारियों को छोड़कर बाकी अधिकारी मुख्यमंत्री के कथित अन्याय और जुल्म में उनका साथ नहीं दे रहे हैं.
वोटर लिस्ट और मुख्य निर्वाचन अधिकारी का मुद्दा उठाया
अखिलेश ने चुनावी और प्रशासनिक मुद्दों को लेकर भी योगी सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की अपनी सरकार के उप मुख्यमंत्री ही उनकी बात काटते हुए कह रहे हैं कि कोई वोट नहीं कटा है. वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी भी धर्म के आधार पर वोटरों के आंकड़े होने से इनकार कर चुके हैं. अखिलेश ने कहा कि जनता मुख्यमंत्री के साथ नहीं है. लखनऊ अग्निकांड में मृतक की मां के साथ कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं सरकार के खिलाफ हैं. उन्होंने युवाओं को लेकर कहा कि आरक्षण और नौकरी के मुद्दों पर सरकार की सोच उन्हें पसंद नहीं है.
कमीशनखोरी, भ्रष्टाचार और कारोबारियों की परेशानी का आरोप
अखिलेश यादव ने निवेशकों, ठेकेदारों, दुकानदारों और कारोबारियों की परेशानियों का मुद्दा उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि निवेशकों से पांच फीसदी एडवांस कमीशन और ठेकेदारों से 50 फीसदी एडवांस कमीशन वसूला जा रहा है. उनके मुताबिक, निर्माण कार्यों में कमीशनखोरी के नतीजे धंसते हाईवे, गिरती पानी की टंकियों और पुलों के रूप में सामने आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि टैक्स अधिकारियों और थानों में कथित वसूली से दुकानदार, व्यापारी और कारोबारी परेशान हैं. थाना, कचहरी और तहसील में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जनता को लूटा जा रहा है.
अखिलेश ने दावा किया कि PDA समाज 2024 और 2026 के चुनावों में बीजेपी को हराकर अपनी एकजुटता दिखा चुका है. उन्होंने कहा कि प्राध्यापकों, पत्रकारों, अधिकारियों और वकीलों के साथ सरकार के कथित अशोभनीय व्यवहार के कारण बुद्धिजीवी भी उसके साथ नहीं हैं. यश भारती सम्मान बंद किए जाने का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि कलाकार, रचनाकार, डॉक्टर, इंजीनियर, CA और खिलाड़ी भी सरकार के साथ नहीं हैं.



